
रायपुर। समाजसेवी मोनू आहूजा ने समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा कि पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत एवं पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत को समाज हित को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।हमर संगवारी से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि हाल ही में दोनों संगठनों द्वारा अलग-अलग शहरों में एक सप्ताह के भीतर मुखी सम्मेलन आयोजित किए गए, जिनमें प्रदेश के विभिन्न शहरों से समाज के अध्यक्ष एवं वरिष्ठजन शामिल हुए। उनका मानना है कि इस घटनाक्रम से समाज में अलग-अलग विचार उभरकर सामने आए हैं, जबकि सिंधी समाज हमेशा अपनी एकता, भाईचारे और संगठनात्मक शक्ति के लिए जाना जाता रहा है।मोनू आहूजा ने कहा कि समाज की मजबूती आपसी सहयोग और एकता में निहित है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज का विकास विभाजन से नहीं, बल्कि मिलकर कार्य करने से होता है। वरिष्ठजनों से अपेक्षा की जाती है कि वे समाज को सकारात्मक दिशा दें और नई पीढ़ी के सामने एकता का उदाहरण प्रस्तुत करें।उन्होंने कहा कि गलती किससे हुई, यह महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह आवश्यक है कि गलती कहां हुई और उसे कैसे सुधारा जाए। यदि सभी लोग आपसी मतभेद भुलाकर समाज के उत्थान और प्रदेश के विकास के लिए साथ आएं, तो यही पूरे समाज के हित में होगा।मोनू आहूजा ने समाज के सभी पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों एवं युवाओं से आग्रह किया कि वे आपसी सौहार्द, भाईचारे और संगठनात्मक एकता को मजबूत करते हुए समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करें।
