बिलासपुर। कश्यप कॉलोनी स्थित सिंधु धाम सिंधी गुरुद्वारा में विगत 40 दिनों से चल रहे सुखमनी साहिब पाठ के चालिहा महोत्सव का श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ समापन हुआ। पिछले 5 वर्षों की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी गुरुद्वारा प्रमुख सेवादारी भारती वाधवानी के मार्गदर्शन में विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ सुखमनी साहिब पाठ का आयोजन किया गया।
चालिहा के दौरान प्रतिदिन शाम 4 से 6 बजे तक सत्संग, कीर्तन , पल्लव, अरदास एवं नितनेम का आयोजन किया जाता रहा। 40 दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर सुखमनी साहिब का पाठ एवं सत्संग-कीर्तन का लाभ लिया।
समापन अवसर पर दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक विशेष भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इसके पश्चात भोग साहिब, आरती एवं प्रसाद वितरण हुआ। श्रद्धालुओं के लिए विशाल आम भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
पंचायत के अध्यक्ष जगदीश जज्ञासी ने बताया कि इस 40 दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में कश्यप कॉलोनी की माताओं , बहनों ने निरंतर सेवा एवं सहयोग प्रदान किया। आयोजन की सफलता में पंचायत के अमर लालवानी ,अजीत थावरानी, राजकुमार मनसुखानी, हरदास आसवानी , अशोक वर्रल्यानी, रुपचंद चौधरी, रमेश मेघानी, एवं अनेक सदस्यों के अलावा महिला विंग वर्षा वाधवानी , दिव्या चेलानी, नव्या वाधवानी,बरखा भागवानी, कविता आर्य के अलावा अनेक सेवादारियो का विशेष योगदान रहा।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सेवादारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भक्ति, सेवा, एकता और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं
