बिलासपुर। तोरवा स्थित अरपा नदी तट के छठ घाट सामुदायिक भवन में रविवार को आस्था, भक्ति और शिव आराधना का भव्य संगम देखने को मिला। मिथिलांगन कल्याण समिति बिलासपुर के तत्वावधान में एक दिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता निभाई।
आयोजन में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सवा लाख पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। पूरे परिसर में भगवान शिव के जयकारे, मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों की गूंज से वातावरण शिवमय हो गया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मिट्टी से निर्मित पार्थिव शिवलिंग की पूजा भगवान शिव की आराधना का पुण्यदायी स्वरूप मानी जाती है। विशेषकर सावन माह में पार्थिव शिवलिंग का निर्माण, रुद्राभिषेक एवं विधिवत पूजन करने की परंपरा का विशेष महत्व माना गया है। श्रद्धालुओं ने इसी आस्था और विश्वास के साथ अरपा नदी के पावन तट पर सामूहिक रूप से शिव आराधना की।
समाजसेवी प्रवीण झा सपरिवार हुए शामिल
आयोजन में मुख्य यजमान के रूप में समाजसेवी प्रवीण झा सपरिवार शामिल हुए और पूरे विधि-विधान के साथ पूजन-अनुष्ठान में सहभागिता निभाई। मिथिला समाज से जुड़े पदाधिकारियों, सदस्यों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान शिव की आराधना की।
आयोजन ने धार्मिक एकजुटता, सामाजिक सहभागिता और सनातन परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया। अरपा नदी के पावन तट पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
पूजन अनुष्ठान के समापन के पश्चात भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें समाज के लोगों एवं श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और श्रद्धापूर्वक भोग-प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में मिथिलांगन कल्याण समिति के अध्यक्ष नारायण प्रसाद ठाकुर, सचिव ललित मिश्रा, उपाध्यक्ष मनोरंजन झा, कोषाध्यक्ष अंबुज झा, अशोक झा, अमरेंद्र कंठ, सुधीर झा, धनंजय झा, सुनील मिश्रा, संजीव झा, संतोष ठाकुर, जगदानंद झा, आनंद चौधरी, अनमोल झा, अविनाश झा, चंदन सिंह, नवो नारायण सहित अनेक समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे
