बिलासपुर। कलवानी परिवार एवं दुहलानी परिवार के सदस्यों के संयुक्त सहयोग से आयोजित “कलवानी मिलन-5” का आयोजन बेहद शानदार, आत्मीय और यादगार रहा। परिवार के सभी सदस्यों ने मिलकर इस आयोजन को अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक बना दिया। पूरे कार्यक्रम में स्नेह, अपनापन, हंसी-खुशी और पारिवारिक एकता की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
इस आयोजन को सफल बनाने में एसडीएम साहब, सिंचाई विभाग के अधिकारियों तथा रेस्ट हाउस के कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। उनके सहयोग से रेस्ट हाउस की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध हो सकी, जिसके लिए परिवार की ओर से सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वादिष्ट व्यंजनों का सभी ने जमकर आनंद लिया। पुलाव, छोले की सब्जी, पूरी, आलू, फ्रायम्स, स्वादिष्ट दहीबड़े और गुलाब जामुन सहित विभिन्न व्यंजनों ने सभी का मन मोह लिया। परिवार की भाभियों, बहुओं और बेटियों ने अपने हाथों से बनाए स्वादिष्ट व्यंजन प्रेमपूर्वक लाकर आयोजन को और भी खास बना दिया।
कार्यक्रम में हाऊजी गेम्स के साथ चिप्स, कुरकुरे और चिल्ड कोल्ड ड्रिंक्स का आनंद लेते हुए परिवार के सदस्यों ने खूब मस्ती की। वहीं साउंड सिस्टम पर बज रहे लोकप्रिय सिंधी गीतों ने माहौल में चार चांद लगा दिए। सिंधी गीतों की धुन पर बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी थिरकते नजर आए और जमकर डांस किया।
इस यादगार मिलन के दौरान भरपूर वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी भी की गई। परिवार के सदस्यों ने इन खूबसूरत पलों को अपने-अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया, ताकि यह मिलन हमेशा यादों में ताजा रहे।
शाम को गर्मागर्म भजिया और चाय की चुस्कियों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विदाई के समय भी सभी के चेहरों पर खुशी और अगले मिलन की उत्सुकता साफ दिखाई दी। इसी दौरान अगले पारिवारिक कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार हो गई।
अगला पड़ाव होगा अमरकंटक
कलवानी मिलन के अगले कार्यक्रम के लिए अमरकंटक तीर्थ स्थल का चयन किया गया है। वहां भी परिवार के सभी सदस्य एक साथ रात्रि विश्राम करेंगे और डांस, मौज-मस्ती तथा पारिवारिक मेल-मिलाप का आनंद लेंगे। इसके बाद सुबह मां नर्मदा के पवित्र जल में स्नान कर पूजा-पाठ किया जाएगा।
इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि परिवार के सदस्य जब एक साथ मिलते हैं तो रिश्तों में और अधिक मिठास आती है तथा पुरानी यादें ताजा होती हैं। आयोजकों ने कामना की कि इसी तरह सभी परिवार आपस में जुड़े रहें, एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें और आने वाली पीढ़ियां भी इस पारिवारिक एकता एवं भाईचारे की परंपरा को आगे बढ़ाती रहें।
कलवानी मिलन-5 केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि परिवार को जोड़ने, रिश्तों को मजबूत करने और यादगार पलों को संजोने का खूबसूरत अवसर बन गया।
इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में कलवानी फैमिली के सभी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा यह जानकारी राजकुमार कलवानी एवं डॉक्टर रमेश कलवानी
के द्वारा हमर संगवारी को दी गई
