बिलासपुर। गोल बाजार क्षेत्र में हुई घटना को लेकर संस्कारधानी के प्रतिष्ठित समाजसेवी प्रवीण झा ने शहरवासियों से शांति, संयम और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा व्यक्तिगत विवाद प्रतीत होता है। ऐसी घटना को किसी समाज, वर्ग या समुदाय से जोड़ना उचित नहीं है।
श्री झा ने कहा कि बिलासपुर की पहचान केवल एक शहर के रूप में नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता की समृद्ध परंपरा के रूप में रही है। यहां विभिन्न समाज और समुदाय के लोग वर्षों से मिल-जुलकर रहते आए हैं। तीज-त्योहार, धार्मिक आयोजन और सामाजिक अवसरों पर एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होना बिलासपुर की खूबसूरत परंपरा रही है।
उन्होंने कहा कि किसी एक विवाद के कारण शहर के मजबूत सामाजिक रिश्तों में दरार नहीं आनी चाहिए। व्यक्ति का विवाद व्यक्ति तक सीमित रहना चाहिए, उसे पूरे समाज या समुदाय का विवाद नहीं बनाया जाना चाहिए। किसी एक व्यक्ति की गलती के लिए पूरे समुदाय को जिम्मेदार ठहराना न तो न्यायसंगत है और न ही शहर के हित में।
अफवाहों से बचने की अपील
प्रवीण झा ने शहरवासियों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के वीडियो, फोटो अथवा भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में संयम और जिम्मेदारी से व्यवहार करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
श्री झा ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और नागरिकों को भी जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सभी नागरिकों को मिलकर शहर की शांति, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की परंपरा को और मजबूत करना चाहिए। आपसी विश्वास और सौहार्द बनाए रखना ही ऐसी परिस्थितियों का सबसे बेहतर जवाब है।
