– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल की है। जल्द ही बिलासपुर शहर की सड़कों पर 50 ई-बसें दौड़ती नजर आएंगी।नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में शहर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कुल 41 प्रस्तावों पर चर्चा की गई, जिसमें ई-बसों के संचालन को विशेष महत्व दिया गया।ई-बसों के संचालन से शहरवासियों को बेहतर, सुविधाजनक और प्रदूषण मुक्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। बैठक में विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, सीसी रोड, सामुदायिक भवन, उद्यान और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान की गईं। इसके अलावा शहर के उद्यानों, रोड डिवाइडरों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए लगभग 80 श्रमिकों की व्यवस्था करने संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।नगर निगम की एमआईसी बैठक में लिए गए इन महत्वपूर्ण निर्णयों से शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर 50 ई-बसों के संचालन का निर्णय बिलासपुर की यातायात व्यवस्था के लिए एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। इससे आम नागरिकों को आवागमन का एक आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण हितैषी विकल्प उपलब्ध होगा।
जल्द शुरू होगी सुविधा
केन्द्र से ई बसें मिलने के बाद जल्द ही शहर में प्रदूषण रहित सिटी बस शुरू होने करने प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए 2500 केवीए के विद्युत सब स्टेशन का काम पहले पूरा कराया जा रहा है। चार्जिंग प्वाइंट भी बना लिया गया है। राज्य सरकार ने आरबीआई को क्लीयरेस भी दे दिया है।
– अनुपम तिवारी,
– नोडल अधिकारी सिटी बस बिलासपुर
