बिलासपुर। साधु वासवानी मिशन, बिलासपुर शाखा ने परम पूज्य साधु टी.एल. वासवानी जी की जयंती 25 नवंबर के अवसर पर बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र की समस्त गोश्त की दुकानों एवं पशु वधशालाओं को एक दिन के लिए बंद रखने की मांग की है। इस संबंध में मिशन की ओर से बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल को पत्र सौंपकर आवश्यक आदेश जारी करने का अनुरोध किया गया है।
पत्र में साधु वासवानी जी के जीवन और उनके करुणा, अहिंसा, दया तथा समस्त प्राणियों के प्रति श्रद्धा के संदेश का उल्लेख किया गया है। मिशन ने कहा कि साधु वासवानी जी का जीवन मानवता के साथ-साथ सभी जीवों के प्रति प्रेम और दया का संदेश देता रहा है। उनका संदेश था कि प्रत्येक जीव का जीवन पवित्र है और प्राणियों के प्रति करुणा का भाव रखा जाना चाहिए।
मिशन के अनुसार, विश्वभर में वर्ष 1986 से 25 नवंबर को साधु वासवानी जी की जयंती के अवसर पर “मीटलेस डे” (Meatless Day) एवं “एनिमल राइट्स डे” (Animal Rights Day) के रूप में मनाया जाता है। इस दिन लोगों के बीच जीव-दया, करुणा और अहिंसा का संदेश पहुंचाने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि अहमदाबाद नगर निगम, पुणे महानगरपालिका तथा उत्तर प्रदेश शासन द्वारा समय-समय पर 25 नवंबर को गोश्त की दुकानों एवं पशु वधशालाओं को बंद रखने के संबंध में आवश्यक आदेश जारी किए गए हैं।
इसी क्रम में साधु वासवानी मिशन, बिलासपुर ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि 25 नवंबर को बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र की सभी गोश्त की दुकानों एवं पशु वधशालाओं को एक दिन के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया जाए, ताकि अहिंसा और जीव-दया के संदेश को व्यापक रूप से लोगों तक पहुंचाया जा सके।
मिशन ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन इस निवेदन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा और यह निर्णय बिलासपुर की संवेदनशील एवं मानवीय सोच को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
साधु वासवानी मिशन, बिलासपुर के अध्यक्ष डॉ. रमेश कलवानी , वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार कलवानी चित्रा पंजवानी नानकराम पंजवानी सपना कलवानी राजेश कलवानी ने प्रशासन से इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।
