लोरमी। नगर में गणेश उत्सव के अवसर पर युवाओं को भारतीय संस्कृति, परंपरा और अध्यात्म से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई गणेश झांकी निकालने की परंपरा लगातार दूसरे वर्ष भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ जारी रही। गणेश विसर्जन झांकी प्रतियोगिता में नगर की विभिन्न गणेश समितियों ने आकर्षक झांकियों के साथ हिस्सा लिया।
मुंगेली चौक, लोरमी में झांकी प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न गणेश समितियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं और आयोजन से जुड़े लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
गणेश समितियों द्वारा निकाली गई भव्य झांकियों को देखने के लिए पूरा लोरमी नगर उमड़ पड़ा। झांकियों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक संदेशों की सुंदर प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और भी खास बना दिया।
श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस आयोजन से लोरमी नगर का माहौल भक्तिमय हो गया। गणेश उत्सव के माध्यम से युवाओं को भारतीय संस्कृति और अध्यात्म से जोड़ने की यह पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
