पथरिया। बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पथरिया में आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ क्षेत्र के विकास को गति देने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात मिली। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में अधोसंरचना और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ₹2.50 करोड़ की लागत से मंगल भवन, ₹90 लाख के वार्ड क्रमांक 13 मुक्तिधाम, ₹40 लाख के वार्ड क्रमांक 6 मुक्तिधाम, ₹75 लाख की लागत से डॉ. आंबेडकर भवन तथा ₹4.83 करोड़ की लागत से बीटी रोड सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 31 हितग्राहियों को कार्यादेश भी प्रदान किए गए। योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कार्यादेश मिलने से हितग्राहियों में भी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा गया। जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और आम जनता तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
वहीं, नगर पंचायत पथरिया की अध्यक्ष श्रीमती हुलसी रघु वैष्णव के जन्मदिवस के अवसर पर उनसे भेंट कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही।
