रायपुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध तथा चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को रायपुर में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट का घेराव किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस के देशव्यापी आंदोलन के तहत आयोजित किया गया था।
पैदल मार्च में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, सह-प्रभारी एस.ए. संपत कुमार, जरिता लैतफ्लांग एवं विजय जांगिड़ सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन एवं रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र ‘पप्पू’ बंजारे के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता, मतदाता सूची से जुड़े विषयों तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर अपनी आपत्तियां और मांगें सामने रखीं।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च को रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते घड़ी चौक के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी अपनी आवाज सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी। कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मामलों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग भी दोहराई
