*दो दिनों में 1697 हितग्राहियों ने लिया शिविरों का लाभ*
बिलासपुर, 29 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में राशनकार्डधारी परिवारों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और ई-केवाईसी की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज नगर निगम जोन क्रमांक-3 मुख्यालय (टाउन हॉल) सहित जिले के सभी विकासखण्ड मुख्यालयों में शिविर लगाए गए। शिविरों में राशनकार्ड में ई-केवाईसी के साथ ही नाम जोड़ने-काटने, त्रुटि सुधार, नवीन राशनकार्ड के आवेदन तथा राशनकार्ड में आधार एवं मोबाइल नंबर सीडिंग सहित विभिन्न सेवाएं प्रदान की गईं।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 28 एवं 29 सितम्बर को आयोजित शिविरों में अब तक कुल 1697 हितग्राहियों ने उपस्थित होकर विभिन्न सेवाओं का लाभ लिया। शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने का प्रयास किया गया। विभाग की राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी एवं खाद्य संचालक श्रीमती फरिहा आलम सिद्दीकी ने विकासखण्ड बिल्हा एवं नगर निगम बिलासपुर में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और स्थानीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने राशनकार्डधारी परिवारों के शेष सदस्यों की ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पार्षदगण भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जिले में लगभग 5.77 लाख राशनकार्डधारी परिवारों में कुल 18.46 लाख सदस्य दर्ज हैं। इनमें लगभग एक लाख सदस्यों की ई-केवाईसी अभी शेष है। खाद्य विभाग ने ऐसे सभी हितग्राहियों से ई-केवाईसी की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने की अपील की है, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
