-बिस्तर सामग्री, फोटोकॉपी मशीन भेंट
(पंकज आडवाणी)
भीलवाड़ा। ‘दीन-दुखियों की सेवा ही सच्ची ईश्वर भक्ति है’—इसी सनातन और मानवीय ध्येय वाक्य को चरितार्थ करते हुए प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन महाराज द्वारा मानवता की मिसाल पेश की गई है। जिला महात्मा गांधी अस्पताल परिसर में मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में दूर-दराज़ से आने वाले रोगियों के परिजनों को रात्रि में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के उद्देश्य से ‘हरि शेवा छाया’ में रात्रि विश्राम व्यवस्था की शुरुआत की गई।
*100 बिस्तरों का संपूर्ण सेट भेंट*
आगामी सर्दी के मौसम और परिजनों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए हरि शेवा धर्मशाला की ओर से व्यापक स्तर पर बिस्तर सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जिनमें 100 गद्दे, 100 गर्म कम्बल, 100 तकिये (खोली/कवर सहित), 100 स्वच्छ चदरें, एक फोटोकॉपी मशीन, एक विशाल व सुदृढ़ लकड़ी का तख्त भेंट किया गया, इस व्यवस्था से अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को अब फर्श या प्रांगण में नहीं सोना पड़ेगा। वे सम्मानपूर्वक और सुरक्षित वातावरण में रात बिता सकेंगे।
*संत-महात्माओं का सान्निध्य और प्रबुद्धजनों की गरिमामयी उपस्थिति*
इस पुनीत सेवा कार्य के शुभारंभ अवसर पर हरि शेवा उदासीन आश्रम के पूज्य संतों का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में संत मायाराम जी, संत गोविंदराम जी एवं बालक मिहिर उपस्थित रहे। संतों ने इस सेवा को प्रभु सेवा का अनुपम स्वरूप बताते हुए कहा कि संकट की घड़ी में अस्पताल पहुंचे असहाय लोगों को आश्रय देना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक के संघ चालक चाँदमल सोमानी, सिंधी सेंट्रल पंचायत के महामंत्री चंद्रप्रकाश चंदनानी, उपाध्यक्ष रमेश खोतानी, कोषाध्यक्ष अनिल झामनानी, सासंद प्रवक्ता विनोद झूरानी, धर्मशाला के सचिव हेमंत वच्छानी, प्राचार्य श्याम लाल सांगावात, ईश्वर लाल आसनानी, अम्बालाल नानकानी, पल्लवी वच्छानी आदि सभी उपस्थित अतिथियों ने धाम के इस परोपकारी कदम की मुक्तकंठ से सराहना की।
*वरिष्ठ समाजसेवी हेमन उस्ताद संभालेंगे व्यवस्था की कमान*
परिजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और विश्राम स्थल पर पूर्ण स्वच्छता, अनुशासन एवं शुचिता बनी रहे, इसके लिए वरिष्ठ समाजसेवी हेमन उस्ताद एवं उनके समर्पित सहयोगी हरीश राजवानी को व्यवस्थाओं की नियमित देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हेमन उस्ताद अपनी टीम के साथ यहां ठहरने वाले परिजनों की सहायता और सामग्री के सुव्यवस्थित रखरखाव का ध्यान रखेंगे। परिजनों का आधार कार्ड की कॉपी व न्यूनतम राशि 20 रूपए सुविधा शुल्क पर एक सेट की सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी, यह राशि सिर्फ सामग्री की स्वच्छता को बनाएं रखने के लिए ली जाएगी।
*मानव सेवा में सदैव अग्रणी रहा है हरि शेवा उदासीन आश्रम*
उल्लेखनीय है कि हरि शेवा उदासीन आश्रम द्वारा एमजी अस्पताल में निरंतर सेवा प्रकल्प संचालित किए जाते रहे हैं: शीतल पेयजल व वायु सेवा: भीषण गर्मी के दौरान अस्पताल में आने वाले आगंतुकों व मरीजों के लिए वाटर कूलर, बड़े कूलर और पंखों की व्यवस्था धाम द्वारा पूर्व में स्थापित की गई थी। अन्नपूर्णा सेवा: समय समय पर अस्पताल परिसर में जरूरतमंद मरीजों व उनके परिजनों के लिए पौष्टिक भोजन वितरित किया जाता है। धार्मिक व सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए हरि शेवा आश्रम स्वास्थ्य, अन्नदान और आश्रय जैसे लोक-कल्याणकारी कार्यों में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
