इंदौर। माँ शक्ति के प्रति आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम शक्ति आराधना विशाल चुनरी यात्रा के रूप में 15 अक्टूबर 2026, गुरुवार को इंदौर में देखने को मिलेगा। इस भव्य धार्मिक यात्रा में 501 फीट लंबी अखंड चुनरी माँ अन्नपूर्णा के श्रीचरणों में अर्पित की जाएगी। यात्रा दोपहर 3 बजे नामदेव पंजवानी स्कूल, शारदा मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व माँ की भव्य आरती की जाएगी, जिसके पश्चात भक्तिमय वातावरण में चुनरी यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा का समापन माँ अन्नपूर्णा मंदिर में चुनरी अर्पित कर माँ का आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ होगा।
आयोजन की जानकारी देते हुए पंकज फतेहचंदानी ने बताया कि इस भव्य यात्रा का उद्देश्य जन-जन को माँ शक्ति की आराधना से जोड़ना तथा समाज में धर्म, संस्कृति, श्रद्धा और नारी शक्ति के सम्मान का संदेश प्रसारित करना है। यात्रा में इंदौर के संत-समाज, साधु-संत, महामंडलेश्वर, ब्राह्मण समाज, किन्नर समाज सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। साथ ही लगभग 1,500 से 2,000 महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। युवा वर्ग एवं सर्वसमाज के लोग भी बड़ी संख्या में इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए आकर्षक धार्मिक झाँकियाँ, ताशे, ध्वज एवं भजन प्रस्तुतियों की विशेष व्यवस्था की गई है। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले भक्तिमय भजन पूरे वातावरण को माँ की भक्ति और आराधना से सराबोर करेंगे।
सात दिनों के परिश्रम से तैयार हुई 501 फीट की अखंड चुनरी
इस यात्रा का विशेष आकर्षण 501 फीट लंबी अखंड चुनरी होगी। इस चुनरी की विशेषता यह है कि इसे एक ही कपड़े से तैयार किया गया है, इसमें कहीं भी कोई कट या जोड़ नहीं है। लगभग 20 महिलाओं ने सात दिनों तक परिश्रम कर श्रद्धा और समर्पण के साथ इस विशाल चुनरी को तैयार किया है। यह अखंड चुनरी नारी शक्ति, एकता, सामूहिक सहभागिता और माँ के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक बनेगी।
पंकज फतेहचंदानी ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, मातृशक्ति, युवा साथियों एवं सर्वसमाज से इस भव्य धार्मिक आयोजन में सम्मिलित होकर माँ शक्ति की आराधना करने और माँ अन्नपूर्णा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
