अमर ग्रुप द्वितीय और रंगरेज ग्रुप तृतीय स्थान पर रहा, 10 टीमों ने दी शानदार प्रस्तुति
चकरभाठा/बिलासपुर। सिंधी समाज की संस्कृति, परंपरा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सिंधी धर्मशाला, चकरभाठा में आयोजित दो दिवसीय सिंधी रास गरबा डांडिया नाइट 2026 का रंगारंग समापन हुआ। आयोजन के छठवें वर्ष में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में समाज की 10 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आकर्षक नृत्य, मनमोहक वेशभूषा तथा अलग-अलग थीम के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ढोलीतारा ग्रुप ने प्रथम, अमर ग्रुप ने द्वितीय और रंगरेज ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्य टीमों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के आयोजक विनोद चावला एवं सुनील मलघानी रहे। मीडिया पार्टनर के रूप में हमर संगवारी, सिंधु संगम मीडिया और छत्तीसगढ़ भास्कर सहित सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संत-महात्माओं ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
कार्यक्रम के प्रथम दिन मुख्य अतिथि के रूप में झूलेलाल मंदिर, चकरभाठा के संत सांई लाल दास जी तथा बाबा आनंद राम दरबार के सांई कृष्ण दास जी उपस्थित रहे। संत-महात्माओं ने माता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके बाद एक से बढ़कर एक भजनों और गीतों पर प्रतिभागियों ने गरबा एवं डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। किसी टीम ने पारंपरिक अंदाज में अपनी कला दिखाई, तो किसी ने आकर्षक थीम और अनूठी वेशभूषा से दर्शकों का मन मोह लिया। महिलाओं, युवाओं और छोटे-छोटे बच्चों की भागीदारी ने आयोजन को और भी खास बना दिया।
सभी टीमों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। प्रतिभागियों की ऊर्जा, सामूहिक तालमेल और सांस्कृतिक रंगों से पूरा परिसर भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सराबोर रहा।
निशुल्क आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक : संत सांई लाल दास जी
संत सांई लाल दास जी ने आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान समय में कई बड़े आयोजन अत्यधिक खर्च के साथ किए जाते हैं, जिनमें आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए शामिल होना कठिन हो जाता है। ऐसे में समाज के लोगों के लिए निशुल्क सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज के लोग आपस में जुड़ते हैं, नई प्रतिभाओं को मंच मिलता है और बच्चों एवं युवाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होता है। समाज में ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए, ताकि हमारी संस्कृति और परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक पहुंच सकें।
दूसरे दिन उमड़ी अधिक भीड़, विधायक धरमलाल कौशिक रहे मुख्य अतिथि
13 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम के दूसरे दिन बिल्हा क्षेत्र के विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत, चकरभाठा के सुरेश फोटाणी तथा पूज्य सिंधी रियासती पंचायत के अध्यक्ष मनोहर लाल मलघानी सहित समाज के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दूसरे दिन दर्शकों की संख्या पहले दिन की तुलना में अधिक रही। इसकी प्रमुख वजह प्रतियोगिता के परिणामों को लेकर लोगों में उत्सुकता थी। सभी टीमों ने बेहतर प्रदर्शन करने के लिए विशेष तैयारी की और अपनी-अपनी थीम के अनुरूप शानदार नृत्य प्रस्तुत किए।
विधायक धरमलाल कौशिक ने आयोजकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे निशुल्क सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने के साथ-साथ बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन हर समाज में होने चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों से जुड़ी रहे।
आयोजकों की ओर से विधायक धरमलाल कौशिक सहित सभी अतिथियों का शाल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
महिला निर्णायक मंडल ने बारीकी से किया मूल्यांकन
प्रतियोगिता में बिलासपुर से आई महिला निर्णायक टीम ने दोनों दिनों की प्रस्तुतियों का बारीकी से मूल्यांकन किया। टीमों की वेशभूषा, गेटअप, थीम, नृत्य, तालमेल और प्रत्येक प्रस्तुति के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अंक निर्धारित किए गए।
प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों ने अपनी ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ऐसे में विजेताओं का चयन निर्णायक मंडल के लिए भी चुनौतीपूर्ण रहा। मामूली अंकों के अंतर से पीछे रह गई टीमों को भी प्रोत्साहित किया गया और सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
ढोलीतारा प्रथम, अमर द्वितीय और रंगरेज तृतीय
दोनों दिनों के प्रदर्शन के आधार पर परिणाम घोषित किए गए। इसमें ढोलीतारा ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी, जबकि अमर ग्रुप द्वितीय और रंगरेज ग्रुप तृतीय स्थान पर रहा। विजेता टीमों को सहयोग राशि एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों में विशेष पुरस्कार भी वितरित किए गए, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ा।
कार्यक्रम रात 9 बजे शुरू होकर देर रात 1 बजे तक चला। बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस आयोजन में कटनी मध्य प्रदेश की मशहूर सिंगर मुस्कान मूलचंदानी ने अपनी एंकरिंग से एक अलग ही समां बांध दो दिन तक लगातार लोगों को जोड़े रखना उनमें उत्साह वर्धन करना आए हुए अतिथियों का स्वागत सत्कार करवाना छोटी बातों पर बारीकी से ध्यान देकर उन्हें बहुत अच्छी एंकरिंग की, एंव
समाज के गणमान्य नागरिकों और मीडिया का सम्मान
आयोजन में विनीता भावनानी, रेखा आहूजा, कंचन मलघानी, मोनिका सिदारा मोहनदास वाधवानी, किशोर पंजवानी, जगदीश जग्यासी, रमेश लाल पुनवानी, दक्ष गंगवानी, गरीमा शाहनी
अशोक जोतवानी, अशोक छाबड़ा, दीपक नवलानी, रमेश लाल मंगतानी, संतोष छतरी कैलाश श्यामनानी नंदलाल कुकरेजा, परसराम बत्रा, प्रकाश बजाज, किशोर पंजवानी, मुकेश मतानी,
प्रकाश चावला, अमित चतुर्वेदी एवं अमित बजाज राजकुमार कलवानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजकों ने समाज के सहयोगियों और अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम की कवरेज के लिए हमर संगवारी के संपादक विजय दुसेजा, गोविंद दुसेजा तथा छत्तीसगढ़ भास्कर के संपादक प्रीति वाधवा विशेष रूप से पहुंचे। आयोजन समिति की ओर से मीडिया प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
समाज की एकता और संस्कृति का सुंदर संगम
सिंधी रास गरबा डांडिया नाइट 2026 ने एक बार फिर साबित किया कि सांस्कृतिक आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और नई प्रतिभाओं को आगे लाने का सशक्त मंच भी हैं। निशुल्क प्रवेश, सभी आयु वर्गों की भागीदारी और प्रतिभागियों को सम्मानित करने की पहल ने आयोजन को विशेष बना दिया।
आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों, सहयोगियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
