
*नौ देवियों के साथ झूले वाली देवी का स्वरूप बना विशेष आकर्षण, अष्टमी-नवमी पर रात 12 बजे तक होंगे दर्शन****राज किशोर नगर, बिलासपुर :** नवरात्रि के पावन पर्व पर राज किशोर नगर स्थित शिव-अनुराग भवन में सजी चैतन्य देवियों की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नौ देवियों के साथ झूले पर विराजित देवी के दर्शन भी कराए जा रहे हैं। वहीं, सहस्र ज्योतिर्लिंग की मनोहारी प्रस्तुति भक्तों को आकर्षित कर रही है। झांकी में चावला, बुधिया और विधानी परिवार सहित शहर के प्रतिष्ठित परिवारों एवं गणमान्य नागरिकों की भी सहभागिता हो रही है। *देवी-दर्शन के साथ श्रेष्ठ संकल्प की प्रेरणा* ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे देवी-दर्शन के साथ अपने जीवन में श्रेष्ठ परिवर्तन का संकल्प लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि जैसे शुभ अवसर पर दक्षिणा दी जाती है, वैसे ही यहां से श्रेष्ठ संकल्प लेकर जाना भी मूल्यवान है। श्रद्धालुओं को अशुद्ध चीजों का उपयोग न करने, मोबाइल का सदुपयोग करने अथवा राजयोग शिविर में नियमित भाग लेने जैसे संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। *ध्यान के अभ्यास से एकाग्र होती हैं चैतन्य देवियां* मंजू दीदी ने बताया कि झांकी में देवी स्वरूप में विराजित कन्याएं मिट्टी की प्रतिमाएं नहीं, बल्कि राजयोग ध्यान का नियमित अभ्यास करने वाली बालिकाएं हैं। ध्यान से उनमें एकाग्रता विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए भी ध्यान को लाभकारी बताते हुए राजयोग सीखने के लिए प्रेरित किया। *अष्टमी-नवमी पर रात 12 बजे तक दर्शन* श्रद्धालुओं की बढ़ती उत्सुकता और भीड़ को देखते हुए अष्टमी एवं नवमी पर झांकी के दर्शन का समय बढ़ाकर रात्रि 12 बजे तक कर दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग सुविधापूर्वक दर्शन कर सकें।
