
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर में पिछले 26 वर्षों से लगातार छठ घाट पर सामूहिक रूप से छठ महापर्व मनाया जा रहा है। इस वर्ष भी छठ पूजा को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए छठ पूजा समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समिति के गठन के साथ ही पदाधिकारियों और सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।छठ पूजा समिति 2026 के लिए प्रवीण झा को अध्यक्ष तथा विनोद सिंह को सचिव बनाया गया है। वहीं डॉ. ईशु कुमार वर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति में उपाध्यक्ष, सहसचिव, कार्यालय सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य पदों पर भी सदस्यों की नियुक्ति की गई है, ताकि आयोजन की व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सके।चार दिनों तक चलेगा छठ महापर्वसमिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार छठ महापर्व का आयोजन 13 से 16 नवंबर तक किया जाएगा। चार दिवसीय पर्व के दौरान श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और समाज के कल्याण की कामना करेंगे।कार्यक्रम के तहत 13 नवंबर को नहाय-खाय एवं माता अरपा की महाआरती, 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य तथा 16 नवंबर को प्रातःकालीन अर्घ्य के साथ महापर्व का समापन होगा।1 नवंबर को छठ पूजा कार्यालय का शुभारंभछठ पूजा के बेहतर संचालन एवं तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से 1 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे छठ पूजा कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।आस्था और परंपरा का प्रतीक है छठ महापर्वछठ महापर्व सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का प्रमुख पर्व है। इस अवसर पर श्रद्धालु नदी एवं जलाशयों के तट पर एकत्र होकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। बिलासपुर में वर्षों से आयोजित हो रहा यह सामूहिक पर्व धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का भी प्रतीक बन चुका है।समिति का उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं के सहयोग से छठ महापर्व को भव्य, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं।जय छठी मैया!
