
*शिव अनुराग भवन में देवउठनी एकादशी पर तुलसी के आध्यात्मिक, आयुर्वेदिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डाला गया**राजकिशोर नगर, बिलासपुर।* ब्रह्माकुमारीज़ शिव-अनुराग भवन के शिव सानिध्य सभागार में देवउठनी एकादशी एवं तुलसी विवाह के पावन अवसर पर विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सेवाकेंद्र प्रभारी बीके मंजू दीदी ने तुलसी विवाह के आध्यात्मिक रहस्य के साथ उसके औषधीय महत्व और जीवन में पवित्रता अपनाने का संदेश दिया।मंजू दीदी ने कहा कि देवउठनी एकादशी अज्ञानता की निद्रा से जागने का प्रतीक है। परमात्मा शिव आत्माओं के ज्ञान का तीसरा नेत्र खोलकर उन्हें सत्य का मार्ग दिखाते हैं। तुलसी अर्थात वृंदा आत्मा के प्रेम, पवित्रता और समर्पण का प्रतीक है। विकारों और अज्ञानता से जागकर आत्मा का परमात्मा शिव से मिलन ही वास्तविक तुलसी विवाह है। उन्होंने पिताश्री ब्रह्मा बाबा के पुरुषार्थ और ब्रह्मा सो विष्णु बनने के आध्यात्मिक रहस्य को भी स्पष्ट किया।**तुलसी औषधीय गुणों का भंडार**उन्होंने बताया कि राम, श्यामा, कृष्ण, कपूर और अमृता सहित तुलसी की विभिन्न प्रजातियां औषधीय एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। तुलसी वातावरण को सुगंधित बनाने के साथ स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी है। उन्होंने सात्त्विक आहार, आयुर्वेद और आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श अपनाने की प्रेरणा दी।**जीवन में घोलें तुलसी जैसी मिठास**मंजू दीदी ने कहा कि जिस प्रकार तुलसी अपनी सुगंध से वातावरण को महकाती है, उसी प्रकार हमें अपने मधुर बोल और श्रेष्ठ व्यवहार से दूसरों के जीवन में खुशियां भरनी चाहिए। क्रोध और कटु वचनों का त्याग कर जीवन में पवित्रता अपनाएं। परमात्म ज्ञान गृहस्थ जीवन छोड़ने का नहीं, बल्कि सादा जीवन और उच्च विचार अपनाकर गृहस्थ जीवन को पवित्र एवं अनुशासित बनाने का मार्ग दिखाता है।सेवाकेन्द्र में गन्ने के साथ तुलसी मंडप भी सजाया गया। अंत में सभी को भोग वितरित किया गया।
