
साधु वासवानी सेंटर बिलासपुर ने मनाया शाकाहार जागरूकता दिवस, संत साईं लालदास जी का मिला सानिध्य
बिलासपुर। पूज्य साधु टी.एल. वासवानी जी के जन्मदिवस को प्रतिवर्ष 25 नवंबर को विश्व शाकाहार दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी तारतम्य में साधु वासवानी सेंटर बिलासपुर इकाई द्वारा शाकाहार अपनाने, जीवों के प्रति करुणा रखने और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रामावैली में शाकाहार जागरूकता रैली निकालकर लोगों को मांसाहार त्यागने और शाकाहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली में स्कूली बच्चों ने हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर सहभागिता की। “जैसा होगा अन्न, वैसा होगा मन” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को खानपान और विचारों के बीच संबंध समझाया गया। दादा साधु वासवानी जी के प्रेम, दया और करुणा के संदेश को आत्मसात करते हुए इंसान, पशु-पक्षियों और प्रकृति के प्रति प्रेम रखने का आह्वान किया गया।
रैली के प्रारंभ में दादा साधु वासवानी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया गया। इसके पश्चात निवास परिसर से साधु वासवानी सत्संग भवन तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के समापन पर सत्संग भवन में आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें श्री झूलेलाल मंदिर सिंधु अमरधाम आश्रम के संत साईं लालदास जी विशेष रूप से पहुंचे। श्रद्धालुओं ने उनका पुष्पमाला एवं गुलदस्ता भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। संत साईं लालदास जी ने दादा साधु वासवानी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया। कार्यक्रम में सपना कलवानी एवं चित्रा पंजवानी ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया। नूरी ग्रंथ का पाठ, भोग एवं भक्ति आयोजन के साथ वातावरण आध्यात्मिक भावनाओं से सराबोर रहा। डॉ. रमेश कलवानी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए दादा साधु वासवानी जी के प्रेम और मानवता के संदेश को साझा किया।
शाकाहार स्वस्थ जीवन का आधार
डॉ. रौनक कलवानी ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि संतुलित एवं पौष्टिक भोजन शरीर को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हरी सब्जियां, फल और पौष्टिक खाद्य पदार्थ भोजन का हिस्सा होने चाहिए। उन्होंने मैदे से बने खाद्य पदार्थों का सेवन कम करने तथा बच्चों में बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए खानपान के प्रति सजग रहने की अपील की।
इस अवसर पर बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक
कलवानी ने प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि मांसाहार खाने से पहले हर व्यक्ति को स्वयं से सवाल करना चाहिए कि क्या मैं सही भोजन कर रहा हूं? उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी पहले मांसाहार करते थे, लेकिन दादा साधु वासवानी जी के संदेश और विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने मांसाहार त्याग दिया।
उन्होंने कहा कि किसी भी आदत को छोड़ना शुरुआत में कठिन हो सकता है, लेकिन दृढ़ संकल्प और मन पर नियंत्रण के साथ धीरे-धीरे बदलाव लाया जा सकता है। यदि व्यक्ति भोजन के प्रति जागरूक होकर शाकाहार के महत्व को समझे, तो वह सहज रूप से इस दिशा में आगे बढ़ सकता है।
प्रेम ही भगवान तक पहुंचने का सरल मार्ग
संत साईं लालदास जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि भगवान को पाने का सबसे सरल रास्ता प्रेम है। दादा साधु वासवानी जी का संदेश भी यही है कि सबसे प्रेम करो, हर जीव से प्रेम करो। इंसान हो, पशु हो, पक्षी हो या पेड़-पौधे, सभी के प्रति प्रेम, दया और करुणा का भाव रखना ही सच्ची आध्यात्मिकता है।
कार्यक्रम में अनिल पंजवानी ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। अंत में संत साईं लालदास जी द्वारा प्रसाद वितरण, आरती, पल्लव एवं अरदास की गई। विश्व कल्याण और सभी के सुख-समृद्ध जीवन की कामना के साथ प्रार्थना हुई, कलवानी एवं पंजवानी परिवार द्वारा संत साईं लालदास जी का सम्मान किया गया। संत जी ने भी परिवार के सदस्यों को आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम के समाचार कवरेज के लिए हमर संगवारी के संपादक विजय दुसेजा का सपना कलवानी द्वारा सम्मान किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में साधु वासवानी सेंटर बिलासपुर इकाई एवं रामावैली पंचायत के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। आयोजन में डॉ. रमेश कलवानी, सपना कलवानी, नानक पंजवानी, चित्रा पंजवानी, सरिता पंजवानी, डॉ. रौनक कलवानी, डॉ. अंकिता कलवानी, डॉ. अभिषेक कलवानी, डॉ. एकता कलवानी, सिमी भक्तानी, प्राची सजनानी, प्राची भक्तानी, अंजलि रोचवानी, गायत्री, पमनानी गीता, प्रेमानी राजेश,कलवानी, रामचंद्र प्रेमानी, मुकेश अधिजा, प्रीतम हरियाणी,सतीश टहलयानी
राजू दुहलानी, महेश विधानी, किशोर टिलवानी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। हरि मॉडल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
