
बिलासपुर। सिख धर्म के प्रथम गुरु, महान संत एवं मानवता, प्रेम, समानता और सेवा का संदेश देने वाले गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर बिलासपुर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन दयालबंद से प्रारंभ होकर गोडपारा गुरुद्वारा तक पहुंचा। पूरे मार्ग में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। जगह-जगह सर्व समाज के लोगों ने आतिशबाजी, पुष्पवर्षा और फूलों की मालाओं से नगर कीर्तन का स्वागत कर पंज प्यारों एवं संगत का सम्मान किया। नगर कीर्तन में पंज प्यारों की अगुवाई, गुरु ग्रंथ साहब की सवारी, एंवगुरु साहिब की आकर्षक झांकियां और संगत द्वारा गुरुवाणी, कीर्तन एवं भजन करते हुए आगे बढ़ने का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरु नानक देव जी के जयकारे लगाते हुए और वाहेगुरु नाम का सिमरन करते हुए इस धार्मिक यात्रा में शामिल हुए।गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को दर्शाती आकर्षक झांकियांनगर कीर्तन में गुरु नानक देव जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित कई सुंदर झांकियां तैयार की गई थीं। एक झांकी में गुरु नानक देव जी लोगों को लंगर खिलाते हुए दिखाई दिए, तो दूसरी झांकी में गर्मी के दौरान विश्राम करते हुए भाई मरदाना और अन्य सेवादारों के साथ उनके जीवन के प्रसंग को दर्शाया गया। इन झांकियों के माध्यम से संगत को सेवा, मानवता, समानता, प्रेम और सद्भभावना का संदेश दिया जा रहा था।नगर कीर्तन के दौरान सेवादार पूरी यात्रा में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखते हुए आगे बढ़ रहे थे। संगत के पीछे-पीछे सफाई करते सेवादारों की टोली भी चल रही थी, जो धार्मिक आयोजन के साथ स्वच्छता और सेवा भावना का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर रही थी।पंजाब से आए कलाकारों के हैरतअंगेज करतब बने आकर्षणनगर कीर्तन में पंजाब से आए कलाकारों ने सिख मार्शल आर्ट और हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का दिल जीत लिया। कलाकारों ने शरीर पर बर्फ की मोटी सिल्ली रखकर हथौड़े से तोड़ने, पीठ पर ट्यूबलाइट के गुच्छे मारकर उन्हें चकनाचूर करने तथा शरीर पर पाइप से प्रहार कर पाइप मोड़ देने जैसे रोमांचक प्रदर्शन किए। तलवारबाजी और अन्य पारंपरिक युद्धक कलाओं के प्रदर्शन ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।इन प्रदर्शनों के दौरान बड़ी संख्या में लोग कलाकारों के साहस, अभ्यास और कौशल को देखने के लिए जुटे रहे। पूरे मार्ग में नगर कीर्तन के प्रति लोगों की श्रद्धा और उत्साह देखते ही बन रहा था।कीर्तन, सेवा और श्रद्धा से सराबोर रहा पूरा मार्गलगभग एक किलोमीटर लंबे नगर कीर्तन में संगत गुरु नानक देव जी के नाम का सिमरन, भजन और कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रही थी। जगह-जगह नागरिकों और विभिन्न समाजों के लोगों ने स्वागत कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। फूलों की वर्षा, आतिशबाजी, स्वागत मालाएं और गुरु साहिब के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर निकला यह नगर कीर्तन केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारा, सेवा, मानवता और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला उत्सव बना। इसमें सर्व समाज की सहभागिता ने बिलासपुर की आपसी सद्भभाव और धार्मिक सौहार्द की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।
