मेरठ (उ.प्र.) : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक हिंदू युवती को होटल के कमरे में बंधक बनाने और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने के गंभीर मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी सलमान को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद धर दबोचा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तारी के डर से बचने के लिये आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा नीयत से गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्यवाही और चौतरफा घेराबंदी के दौरान बचकर भागने की कोशिश में वह एक निर्माणाधीन अंडरपास के पुल से नीचे जा गिरा। इस हादसे में उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर तत्काल इलाज के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सलमान पुत्र इमामुद्दीन मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले शाहपुर जैननगर का निवासी है। वह मेरठ के थाना सदर बाजार में दर्ज मुकद्दमा संख्या 273/2026 में लंबे समय से वांछित चल रहा था। उस पर युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम यानी एससी-एसटी एक्ट से संबंधित संगीन धाराओं में आरोप पंजीबद्ध हैं।
मुखबीर की सटीक सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल और की घेराबंदी :
25 नवंबर को क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ के लिये चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस की एक टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को अपने विश्वस्त मुखबीर से गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि वांछित अपराधी सलमान ग्राम नारहेड़ा के पास स्थित निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाये मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी ताकि आरोपी बचकर निकल न सके।
पुलिस के सामने निकल गई सलमान की सारी हेकड़ी, मांगने लगा माफी :

अपने चारों ओर पुलिस बल को मौजूद देखकर सलमान घबरा गया और उसने गिरफ्तारी से बचने के लिये पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने संयम बरतते हुये उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह चेतावनी को अनसुना कर निर्माणाधीन पुल पर चढ़कर भागने लगा। इसी हड़बड़ाहट के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से सीधे नीचे गिरकर घायल हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी की सारी हेकड़ी निकल गई और वह पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़कर लगातार यही कहता रहा कि ”गलती हो गई, मुझे माफ कर दो।” पुलिस द्वारा ली गई जामा तलाशी के दौरान उसके कब्जे से ।315 बोर का एक अवैध देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और फायर किया हुआ एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
क्या है पूरा मामला? नौकरी का झांसा देकर होटल में बनाया था बंधक :
इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि के अनुसार, गाजियाबाद की रहने वाली पीड़ित युवती की मुलाकात करीब एक साल पहले मेरठ निवासी सलमान से हुई थी। उस समय दोनों एक ही प्राइवेट कंपनी में साथ काम करते थे। हाल ही में युवती के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी थी, जिसके बाद युवती ने अपनी नौकरी छोड़ दी थी। इस दौरान आरोपी सलमान ने कई बार युवती से संपर्क करने और मिलने की कोशिश की, लेकिन युवती ने उससे मिलने से साफ इंकार कर दिया। इधर, दो दिन पहले युवती किसी काम से अपनी सहेली के घर मेरठ आई हुई थी, जिसकी भनक किसी तरह सलमान को लग गई। आरोपी ने शातिराना चाल चलते हुये युवती को अच्छी नौकरी दिलाने के बहाने से मिलने बुलाया और उसे आबूलेन मार्केट स्थित स्क्वायर होटल में ले गया, जहां उसने युवती को एक कमरे में बंधक बना लिया।
बताया जा रहा है कि पहले से शादीशुदा होने के बावजूद सलमान ने इस हिंदू युवती को होटल स्क्वायर के कमरे में पिछले दो दिनों से जबरन कैद कर रखा था और वह उस पर लगातार जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था। हालांकि, जब यह पूरा मामला किसी तरह बाहर आया तो सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को सुरक्षित मुक्त कराकर अपने साथ थाने ले आई और उसकी लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी सलमान के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया।
होटल से ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते हुये बाहर निकली थी युवती, सीसीटीवी फुटेज आया सामने :
इस सनसनीखेज घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद हुई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि व्यस्त सड़क पर भागती-दौड़ती गाड़ियों के बीच अचानक एक युवती घबराई हुई हालत में गली से बाहर निकली और उसके ठीक पीछे आरोपी युवक भी भागता हुआ बाहर आया। युवती अपनी जान बचाने के लिये सड़क पार कर भागने की कोशिश कर रही थी, लेकिन पीछे से आये युवक ने दौड़कर उसे दबोच लिया। आरोपी युवक ने न सिर्फ उसे बेरहमी से दबोचा बल्कि उसे उठाकर वहीं बीच सड़क पर पटक दिया और फिर जबरन उसे उठाकर वापस उसी गली के अंदर ले गया, जहां से वह जान बचाकर भागी थी।
सीसीटीवी फुटेज में यह भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि घटना के समय आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि, कुछ ही देर बाद वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ जागरूक लोग साहस दिखाते हुये युवती को सुरक्षित बाहर लेकर आ गये। मौके पर मौजूद एक अन्य युवती ने डरी-सहमी पीड़िता को संभाला और उसे पानी पिलाकर शांत कराया। वहीं, इस घटना के साथ ही उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले का एक अन्य मामला भी चर्चा में है, जहां मंडप से भागी एक दुल्हन को पुलिस ने बरामद कर लिया था। उस मामले में भी हिन्दू संगठनों के तीव्र विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने विशेष समुदाय के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया था।
अपराध की दुनिया से पुराना नाता, सलमान पर पहले से दर्ज हैं चार संगीन मुकद्दमे :
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 29 वर्षीय आरोपी सलमान का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ मेरठ जिले के सदर बाजार और रोहटा थानों के अलावा गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में भी पहले से कई मुकद्दमे दर्ज हैं। इन दर्ज मामलों में हत्या के प्रयास, एससी-एसटी एक्ट, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने यानी कूटरचना से जुड़े गंभीर अपराध शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस अस्पताल में भर्ती घायल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी तकनीकी व भौतिक साक्ष्य जुटाकर उसके खिलाफ आगे की सख्त कानूनी कार्यवाही की जा रही है। मेरठ के होटल में हिंदू युवती को बंधक बनाने और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में फरार चल रहा वांछित सलमान आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस टीम को देखते ही उसने बेखौफ होकर फायरिंग की, लेकिन भागने की कोशिश में निर्माणाधीन पुल से नीचे गिरकर खुद ही घायल हो गया। जिस शातिर सलमान की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही थी, अब वह पुलिस की गिरफ्त में है और अपने किये की सजा पाने के लिये सख्त कानूनी कार्यवाही का सामना कर रहा है।
