धमतरी (छ.ग.) : जिले के नगरी क्षेत्र में एक प्रार्थना सभा के आयोजन को लेकर रविवार को उस समय भारी विवाद खड़ा हो गया, जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान सिहावा थाना प्रभारी (टीआई) चक्रधर बाग का कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए एक वीडियो सामने आया है, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। वीडियो में अपशब्दों के प्रयोग का विरोध करने पर पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और बहस देखने को मिली।
इस घटनाक्रम के बीच उपनिरीक्षक (SI) गणेश खुटे भी वीडियो में यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि राज्य सरकार के स्पष्ट आदेश के अनुसार हर प्रार्थना सभा को सुरक्षा प्रदान की जायेगी। इस पूरे प्रकरण को लेकर हिंदू संगठनों में गहरा आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की मांग की है।

विवाद के गहराने के बाद पुलिस प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों पक्षों की ओर से प्राप्त शिकायतों के आधार पर दो अलग-अलग प्राथमिकी (FIR) दर्ज की हैं। पहले मामले में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के गंभीर आरोप लगाये गये हैं। वहीं, दूसरे मामले में भगवान श्रीराम के खिलाफ अभद्र व अपशब्दों का इस्तेमाल कर धार्मिक भावनायें आहत करने की शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ही प्रकरणों में विवेचना जारी है और फिलहाल किसी भी पक्ष से किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
विस्तार से जानिये क्या है पूरा मामला :
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 22 नवंबर को धमतरी जिले के नगरी में एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। इस सभा की सूचना मिलते ही हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आयोजन का विरोध करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिये मौके पर पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत के दौरान बहस शुरू हो गई, जिसका एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वायरल वीडियो में सिहावा टीआई चक्रधर बाग कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए साफ सुनाई दे रहे हैं। जब मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने टीआई द्वारा गाली दिये जाने पर कड़ा ऐतराज और विरोध जताया, तो टीआई ने अपने बचाव में कहा कि जिसने मारपीट की है, उसे ही गाली दी है। इस बात को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक तीखी बहस और गहमागहमी का माहौल बना रहा।
पुलिसकर्मी का बयान- सभा को सुरक्षा देना सरकार का आदेश :

विवाद के दौरान सामने आये वीडियो में एक पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को समझाईश देते हुए यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक हर प्रार्थना सभा को सुरक्षा दी जायेगी। पुलिसकर्मी के अनुसार, प्रशासन के निर्देश पर पुलिस बल सभा स्थल पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेता है, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी तरह की अशांति या कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो।
4 पुलिसकर्मियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज :
इस घटना से आक्रोशित हिंदू जागरण मंच और सकल हिंदू समाज नगरी के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर अपनी नाराजगी जाहिर की है। इस शिकायत में सिहावा थाना प्रभारी चक्रधर बाग, सहायक उपनिरीक्षक (ASI) चंद्रभान डहरिया, प्रधान आरक्षक गोपी चंद्राकर और उपनिरीक्षक (SI) गणेश खुटे के नाम प्रमुख रूप से शामिल किये गये हैं।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी पुरुषोत्तम निषाद और चित्रेश साहू ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं के लिये अत्यंत अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने पुलिसकर्मियों पर कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई करने की कोशिश करने और प्रार्थना सभा में शामिल लोगों को भड़काने व उकसाने का भी आरोप लगाया है।
वीडियो, ड्यूटी रजिस्टर और CCTV फुटेज जांचने की मांग :
हिंदू संगठनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाये, संबंधित पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किये जायें और घटनास्थल की वास्तविक परिस्थितियों की सूक्ष्मता से पड़ताल की जाये। इसके साथ ही संगठनों ने सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका को देखते हुए उस दिन की ड्यूटी, थाने का ड्यूटी रजिस्टर, वायरलेस संदेश, घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज और सुरक्षा संबंधी सरकारी आदेशों को सुरक्षित रखने की मांग की है।
संगठनों का स्पष्ट कहना है कि यदि प्रार्थना सभाओं को सुरक्षा देने के लिये राज्य सरकार की ओर से वास्तव में कोई आदेश जारी किया गया है, तो उसका प्रशासनिक और कानूनी आधार भी जनता के सामने सार्वजनिक किया जाना चाहिये। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी सभी पक्षों के साथ समान और निष्पक्ष व्यवहार करते हुए क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाये रखना है।
भगवान श्रीराम पर अभद्र टिप्पणी को लेकर दूसरी FIR दर्ज :
इस पूरे विवाद पर पुलिस का पक्ष रखते हुए एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडेय ने बताया है कि इस प्रकरण में दूसरी FIR नर्सिंग मरकाम की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है। इस शिकायत में यह आरोप लगाया गया है कि दिनेश साहू नामक व्यक्ति ने प्रदर्शन के दौरान भगवान श्रीराम के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे समाज की धार्मिक भावनायें आहत हुई हैं।
एडिशनल एसपी ने जानकारी दी कि इस शिकायत पर भी भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। वर्तमान में पुलिस दोनों ही मामलों की बारीकी से जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों सहित कुछ अन्य लोगों के बयान दर्ज किये जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि साक्ष्यों के संकलन और जांच प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही आगे गिरफ्तारी की वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
