
*टीम में राज्य के एकमात्र खिलाड़ी ने चीन और थाईलैंड के खिलाफ किए गोल*
*भिलाई:** भारतीय बधिर फुटबॉल टीम में छत्तीसगढ़ के एकमात्र खिलाड़ी, भिलाई-3 निवासी विशाल वाधवानी ने भारत के विश्व बधिर फुटबॉल चैम्पियनशिप के लिए ऐतिहासिक क्वालीफिकेशन में अहम भूमिका निभाई। भारत ने यह उपलब्धि दक्षिण कोरिया के चांगवॉन में आयोजित 5वीं एशिया-पैसिफिक बधिर फुटबॉल चैम्पियनशिप 2026 में हासिल की।विशाल ने चीन के खिलाफ भारत की 2-1 की जीत में महत्वपूर्ण गोल दागा। बधिर फुटबॉल के इतिहास में चीन पर भारत की यह पहली जीत है। इससे पहले 2011 में चीन ने भारत को 5-0 से हराया था। इसके बाद मेजबान दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत को वॉकओवर से 3-0 की जीत मिली, और थाईलैंड के खिलाफ 7-0 की जीत में विशाल ने एक बार फिर गोल किया।25 वर्षीय विशाल लेफ्ट विंगर के रूप में खेलते हैं। उन्होंने 2010 में फुटबॉल खेलना शुरू किया और चरोदा रेलवे इंस्टीट्यूट फुटबॉल मैदान में अपने खेल को निखारा। उन्होंने इंदौर में आयोजित प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ दोनों का प्रतिनिधित्व किया है। वे दो बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित हो चुके हैं, और बेंगलुरु के खेलगांव से वर्तमान भारतीय टीम के लिए चुने गए।विशाल, भिलाई-3 निवासी गुरुमुखदास वाधवानी और दया वाधवानी के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से उनके परिवार, खेलप्रेमियों और सिंधी समाज में गर्व और खुशी की लहर है।**फोटो कैप्शन:**चीन और थाईलैंड के खिलाफ भारत की जीत में गोल करने वाले भिलाई-3 के विशाल वाधवानी।
