
बिलासपुर – 26 नवंबर 2026
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा दिनांक 19 नवम्बर से 25 नवम्बर 2026 तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाया गया। सप्ताह के दौरान रेलवे की ऐतिहासिक विरासत को सहेजने के प्रयास की दिशा में विभिन्न जागरूकता, स्वच्छता और छात्र सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत बिलासपुर स्टेशन पर संगोष्ठी आयोजित कर यात्रियों तथा ओबीएचएस व सीटीएस कर्मचारियों को भारतीय रेल के गौरवशाली इतिहास और धरोहर संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। वहीं, बीसीएन डिपो में संरक्षित पुराने बीटीपी टैंक वैगन का आकर्षक सौंदर्यीकरण किया गया तथा कोचिंग डिपो स्थित ऐतिहासिक नैरोगेज (NG) कोच परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
युवा पीढ़ी को विरासत से जोड़ने के लिए रेलवे इंग्लिश मीडियम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 एवं 2 में चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इन पहलों का उद्देश्य रेलकर्मियों, यात्रियों और भावी पीढ़ी में धरोहरों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
