सतना। जिले के सभापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नागौरा में दबंगई का खौफनाक चेहरा सामने आया है। बिरसिंहपुर–सतना मुख्य सड़क मार्ग पर दिनदहाड़े चार पहिया वाहन सवार कुछ दबंगों ने एक युवक को कट्टे की नोक पर रोककर बेरहमी से पीटा। यह पूरी घटना राहगीरों के सामने हुई और बीच सड़क पर दबंगों का यह तांडव इंटरनेट मीडिया में तेजी से बहुप्रसारित हो रहा है।
बोलेरो से आए थे बदमाश-:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावर ब्लैक कलर की बोलेरो नियो (वाहन क्रमांक MP 13 ZT 3162) में सवार होकर आए थे। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि आरोपी युवक को गिराकर लात-घूंसों से मारते हैं, जबकि एक हाथ में कट्टा ताने हुए उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
मूकदर्शक बने रहे आसपास मौजूद लोग-:
घटना के समय आसपास मौजूद लोग भय के कारण मूकदर्शक बने रहे। वीडियो के इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई इस वारदात को कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।