बिलासपुर। सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, शराब सेवन और संदिग्ध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाईन पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की। यह कार्रवाई थाना सिविल लाईन क्षेत्र के तालापारा एवं मगरपारा इलाके में की गई।
अचानक की गई पुलिस दबिश से क्षेत्र में मौजूद असामाजिक तत्वों में अफरा-तफरी मच गई। कई बदमाश मौके से भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने खदेड़कर क्षेत्र से बाहर किया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए गए 05 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा संदिग्ध अवस्था में घूमते पाए गए 16 व्यक्तियों पर बीएनएस की धारा 128 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए 02 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 170 के तहत भी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए इस तरह की औचक व सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। सिविल लाईन पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।