बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहे तीन युवकों पर बिलासपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। बीच चौराहे पर आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे युवकों को समझाने पहुंची पुलिस टीम के सामने ही हुज्जतबाजी और विवाद करने पर उन्हें प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर जिले में लगातार पेट्रोलिंग और भ्रमण कर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज पटेल एवं सीएसपी सिविल लाइन श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में सरकंडा पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी।
दिनांक 28 दिसंबर 2025 को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि सब्जी मंडी चांटीडीह, देवन चाल चांटीडीह एवं जबड़ापारा सरकंडा क्षेत्र में कुछ युवक आपस में विवाद कर क्षेत्र में अशांति फैला रहे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां युवक नाम-पता बताने से इंकार करते हुए उत्तेजित हो गए और पुलिस के सामने ही आसपास के लोगों को डराने-धमकाने लगे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों—रोहित यादव (19), प्रेम वर्मा (32) एवं शहनवाज खान (30)—को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं में मामला दर्ज किया और न्यायालय में पेश किया।
सरकंडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी