
बिलासपुर, 10 फरवरी 2026/कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देश पर नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने साप्ताहिक जनदर्शन में आज दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों की फरियाद सुनी। उन्होंने एक-एक कर प्रत्येक व्यक्ति से मुलाकात कर उनका आवेदन लिया और आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। लोगों ने जनदर्शन में व्यक्तिगत एवं सामुदायिक हित से जुड़े विषयों को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए आवेदन दिया। सहायक कलेक्टर श्री अरविंथ कुमारन एवं अपर कलेक्टर श्री एसएस दुबे ने भी लोगों की समस्याओं को सुना। लगभग 50-60 लोगों ने कलेक्टर से मिलकर व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए।
जनदर्शन में आज ग्राम पंचायत धौराभाठा के सरपंच, सचिव सहित ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि ग्राम पंचायत में स्थित प्राथमिक शाला भवन एवं अतिरिक्त कक्ष भवन अत्यंत जर्जर हो चुका है। छत की प्लास्टर गिर रही है और बारिशों के दिनों में सीपेज की समस्या बनी रहती है। जिससे कभी भी दुर्घटना की स्थिति निर्मित हो सकती है। कमिश्नर श्री सर्वे ने डीईओ को आवेदन की जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए है। संत कबीरदास नगर वार्ड 11 के निवासी संजीव पाल ने वार्ड में रोड एवं नाली निर्माण के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि सड़कों में गड्ढों की वजह से दुपहिया एवं चारपहिया वाहनों का आवागमन बाधित हो रहा है। बरसात के दिनों में समस्या और भी गंभीर हो जाती है। इस मामले को नगर निगम आयुक्त देखेंगे। अग्निकांड से क्षतिग्रस्त आवास के लिए सहायता राशि दिलाने तालापारा निवासी श्यामकली खूटे ने गुहार लगाई। आगजनी की घटना से उन्हें आर्थिक रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रकरण की जांच कर नगर निगम कमिश्नर उचित कार्यवाही करेंगे।
मोपका वार्ड क्रमांक 48 के लोगों ने जोगनिन जोगिया तालाब में बिल्डरों द्वारा बाउन्ड्रीवाल कर देने के कारण तालाब में आने-जाने का रास्ता बंद होने की शिकायत की इस मामले को एसडीएम बिलासपुर देखेंगे। करबला रोड निवासी श्रीमती जबीन फातिमा ने आवास में दूसरी महिला द्वारा कब्जा करने की शिकायत की। इस मामले को नगर निगम आयुक्त देखेंगे। तखतपुर ब्लॉक के दर्री गांव निवासी श्री लल्लू राम केंवट ने जमीन का पुनः सीमांकन कराने आवेदन दिया। इस मामले को एसडीएम तखतपुर देखेंगे। शुभम विहार कॉलोनी निवासी श्री रमेश कुमार रावल ने वृद्धापेंशन फार्म जमा नहीं करने के संबंध में शिकायत की। उन्होंने बताया कि सर्वे सूची 2003 एवं 2011 में उनका नाम है लेकिन मेरा फार्म जमा नहीं लिया जाता है। इस मामले को नगर निगम आयुक्त देखेंगे।