बिलासपुर।
महिला संबंधी गंभीर अपराध के एक मामले में सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिपोर्ट दर्ज होने के महज कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पीड़िता के पति की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर शादी का झांसा दिया और बलात्कार, धमकी व गर्भपात जैसे गंभीर अपराध किए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 12 जनवरी 2026 को थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2003 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। कुछ समय पूर्व उसके पति घर से लापता हो गए थे, जिनकी वह तलाश कर रही थी। इसी दौरान सहेली के साथ आना-जाना होने पर उसकी पहचान राजकिशोर नगर निवासी राजीव शर्मा से हुई।
आरोपी ने पीड़िता के पति को ढूंढने में मदद करने के बहाने बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाईं। उसने पीड़िता की मजबूरी का फायदा उठाते हुए शादी करने और पत्नी बनाकर रखने का भरोसा दिलाया। पीड़िता के अनुसार वर्ष 2022 में आरोपी उसे अपने घर ले गया, जहां डराने-धमकाने के बाद जबरन शारीरिक संबंध बनाए। शादी की बात करने पर आरोपी ने पीड़िता और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी और लगातार शोषण करता रहा।
पीड़िता ने यह भी बताया कि इस दौरान वह गर्भवती हुई, तो आरोपी ने जबरन गर्भपात करा दिया। इसके बाद पुनः गर्भ ठहरने पर एक बच्ची का जन्म हुआ, जिसे आरोपी ने अपहरण कर लेने और शिकायत करने पर जान से मरवाने की धमकी दी।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 45/2026 धारा 294, 506, 323, 376(2)(एन) एवं 313 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनुज कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन/सरकंडा श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजीव शर्मा को 13 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
सरकंडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को महिला सुरक्षा के प्रति सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।