बिलासपुर। थाना सरकंडा पुलिस ने क्षेत्र में लूटपाट कर दहशत फैलाने वाले आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों एवं विधि से संघर्षरत 2 नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जियो व रेडमी मोबाइल फोन तथा नकदी रकम बरामद की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रकरण अपराध क्रमांक 72/2026 धारा 126(2), 296, 309(6), 115(2), 351(2), 111(3)(5) बीएनएस के तहत पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में करन यादव उर्फ केडी (19 वर्ष) एवं दुर्गेश साहू उर्फ मुंडा (20 वर्ष), दोनों निवासी अशोक नगर सरकंडा शामिल हैं, जबकि उनके साथ 2 नाबालिग भी अपराध में संलिप्त पाए गए।
घटना 14 जनवरी 2026 की रात्रि लगभग 9.30 बजे की है। प्रार्थी रामगोपाल तिवारी (55 वर्ष), निवासी अशोक नगर सरकंडा, बगदई मंदिर के पास नवधा रामायण पाठ कर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान महर्षि कश्यप नगर कॉलोनी के पास चार युवकों ने उन्हें रोककर गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और उनका जियो मोबाइल फोन तथा जेब में रखे 1000 रुपये लूट लिए। आरोपियों ने पुलिस में रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीसीयू) श्री अनुज कुमार एवं सीएसपी सिविल लाइन/सरकंडा श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
18 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि अशोक नगर अटल आवास क्षेत्र के कुछ युवक रात में लूटपाट करते हैं और वर्तमान में ग्राउंड में बैठे हैं। सूचना की तस्दीक पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर चारों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने प्रार्थी सहित अन्य लोगों से भी लूटपाट करना स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से जियो मोबाइल, रेडमी मोबाइल एवं नगदी बरामद की गई, जो खमतराई निवासी सुधीर श्रीवास से लूटे गए मशरूका के रूप में भी पहचान की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों का कृत्य संगठित अपराध की श्रेणी में पाए जाने पर प्रकरण में विधिवत धारा विस्तार कर कार्रवाई की गई है। सरकंडा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत का माहौल है।