बिलासपुर।
अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन “प्रहार” के तहत कोनी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोनी क्षेत्र अंतर्गत देवनगर में 52 पत्ती ताश से संगठित रूप से जुआ खिलाने वाले गिरोह पर पुलिस ने दबिश देकर 7 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से ₹71,850 नगद, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित कुल ₹2.21 लाख से अधिक का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु ऑपरेशन “प्रहार” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोनी निरीक्षक भावेश शेंडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिनांक 20 जनवरी 2026 को मुखबिर सूचना पर प्रमोद कौशिक के घर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
रेड के दौरान आरोपी 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसे का दांव लगाकर संगठित रूप से जुआ खेलते और खिलाते हुए पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने जुआ संचालन करना स्वीकार किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी जुआ अधिनियम के प्रकरण दर्ज हैं।
इस मामले में अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 4,5 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 एवं 112 भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 21 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
🔹 पुलिस की सख्त चेतावनी
कोनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ-सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी कड़ी और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
🔹 सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक भावेश शेंडे, सहायक उप निरीक्षक अशोक चौरसिया, प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी, आरक्षक थमेंद्र रात्र, संजय गोस्वामी एवं रामकुमार बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।