गुढ़ (अखंड सत्ता)
पीएम श्री विद्यालय गुढ़ (हायर सेकेंडरी स्कूल गुढ़) में खेल गतिविधियों को नया आयाम मिला है। क्रीड़ा अधिकारी इस्तहाक खान की संविदा नियुक्ति के बाद विद्यालय में खेलों को निरंतर बढ़ावा मिल रहा है। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत क्रिकेट, फुटबॉल, रस्साकसी एवं गिप्पी गेंद (पिट्ठू गेम) सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रीवा के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 21 जनवरी 2026 को आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पीएम श्री विद्यालय गुढ़ की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रस्साकसी एवं गिप्पी गेंद प्रतियोगिता में मानसी रजक, रिया रावत एवं नीलू साकेत का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह विद्यालय के लिए गौरव का विषय है, क्योंकि पहली बार छात्राओं का राज्य स्तर पर चयन हुआ है।
चयनित छात्राएं 30 जनवरी 2026 को उज्जैन एवं ग्वालियर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना होंगी। इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने छात्राओं को बधाई दी है। साथ ही क्रीड़ा अधिकारी इस्तहाक खान, पीएम श्री विद्यालय गुढ़ के प्राचार्य डॉ. विनय कुमार मिश्र, प्रभारी प्राचार्य श्री राजेश मिश्र, खेल प्रभारी श्री सौरभ मिश्र एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर श्रीमती ज्योति सिंह को भी शुभकामनाएं दी गईं।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में बढ़ती सहभागिता से छात्र-छात्राएं विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।