बिलासपुर :- केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026 के आम बजट को लेकर शुक्रवार को बिलासपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल ने बजट को दूरदर्शी, विकासोन्मुख और सर्वसमावेशी करार दिया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह बजट “विकसित भारत” की परिकल्पना को साकार करने की ठोस नींव रखता है। उन्होंने बताया कि बजट में मछली पालन, पशुपालन, लघु एवं सीमांत किसानों, छोटे व्यापारियों और श्रमिक वर्ग के हितों को विशेष रूप से प्राथमिकता दी गई है। लघु उद्योगों के लिए 10 करोड़ रुपये के प्रावधान से औद्योगिक क्लस्टरों को पुनर्जीवित किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।


उन्होंने कहा कि रेल, सड़क, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे आधारभूत ढांचे पर निवेश को बढ़ावा देकर देश की विकास गति को और तेज किया गया है। साथ ही दवाओं की कीमतों में कमी, खादी एवं ग्रामोद्योग को प्रोत्साहन तथा निर्यात बढ़ाने की योजनाएं देश की आर्थिक मजबूती का स्पष्ट संकेत हैं।
अरुण साव ने आगे कहा कि महिला सशक्तिकरण, पर्यटन क्षेत्र में हजारों नए रोजगार, ई-बस सेवाओं का विस्तार जैसे प्रावधान यह साबित करते हैं कि यह बजट आर्थिक ही नहीं, सामाजिक विकास को भी केंद्र में रखता है। उन्होंने इसे “विकास और विश्वास का बजट” बताया।
वहीं विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि यह बजट भारत को वर्तमान आर्थिक स्थिति से आगे ले जाकर विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने की क्षमता रखता है। विदेशी निवेश को आकर्षित करने पर विशेष जोर देकर भारत को वैश्विक आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बजट में राज्यों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रोजगार, व्यापार और उद्योग को प्राथमिकता दी गई है। छत्तीसगढ़ को माइनिंग सेक्टर में सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने की सोच राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
हाई स्पीड ट्रेन से जुड़े सवाल पर अमर अग्रवाल ने कहा कि यह भविष्य की आवश्यकता है और आने वाले वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) का बजट से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है।
प्रेस वार्ता में महापौर श्रीमती पूजा विधानी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, सभापति विनोद सोनी, गुलशन ऋषि सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।