बिलासपुर ;- थाना रतनपुर क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर बर्तन एवं टुल्लू पंप चोरी करने वाले दो आरोपियों को रतनपुर पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया करीब 10 हजार रुपये मूल्य का सामान भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 1 फरवरी 2026 को प्रार्थी रेशम लाल श्रीवास, निवासी मदनपुर, थाना रतनपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह दिनांक 31 जनवरी 2026 को अपने घर में ताला लगाकर बिलासपुर काम से गया हुआ था। रात्रि लगभग 10:30 बजे जब वह वापस लौटा तो देखा कि उसके घर का ताला टूटा हुआ था तथा घर में रखे एल्यूमिनियम के 3 नग बड़े गंजा (बर्तन) एवं टुल्लू पंप चोरी हो चुके थे।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में अपराध पंजीबद्ध कर अज्ञात चोरों की पतासाजी शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मदनपुर निवासी रोशन माथुर एवं जलेश्वर साहू को संदिग्ध अवस्था में बर्तन ले जाते देखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए 3 नग बर्तन एवं टुल्लू पंप, कुल कीमत लगभग 10,000 रुपये, बरामद किए गए। इसके पश्चात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
👤 गिरफ्तार आरोपी
रोशन माथुर, पिता संतोष माथुर, उम्र 20 वर्ष, निवासी मदनपुर, थाना रतनपुर
जलेश्वर कुमार साहू, पिता सुरेश कुमार, उम्र 22 वर्ष, निवासी मदनपुर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक मेलाराम कठौतिया, आरक्षक राजेन्द्र साहू एवं पवन ठाकुर का विशेष योगदान रहा।