बिलासपुर :- थाना तखतपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी के दो प्रकरणों में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अखिलेश कोसले, पिता कालीचरण कोसले, उम्र 34 वर्ष, निवासी जोगपारा मोछ, थाना तखतपुर ने दिनांक 7 जनवरी 2026 को थाना तखतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम अरईबंद से उसकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 10 AH 5614), जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। उक्त रिपोर्ट पर थाना तखतपुर में अपराध क्रमांक 15/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम सेमरचुवा में दबिश देकर संदिग्ध दिपावली पटेल को हिरासत में लिया। मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर यह भी सामने आया कि उसने अपने एक फरार साथी के साथ मिलकर दिनांक 6 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात ग्राम अरईबंद से मोटरसाइकिल चोरी की थी।
आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 28 N 8564), जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है, जप्त की गई। इस प्रकार आरोपी से चोरी के दो प्रकरणों की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
👤 गिरफ्तार आरोपी
दिपावली पटेल, पिता फुलसिंह पटेल, उम्र 27 वर्ष, निवासी सेमरचुवा वार्ड क्रमांक 01, बटहा रोड, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली (छ.ग.)
आरोपी को दिनांक 31 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। प्रकरण में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक भूनेश राम साहू, वरिष्ठ आरक्षक सुनील सूर्यवंशी, कलेश्वर यादव एवं चन्द्रशेखर मरकाम का सराहनीय योगदान रहा।