बिलासपुर पुलिस ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना चकरभाठा एवं ACCU बिलासपुर की संयुक्त कार्रवाई में तीन अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना चकरभाठा पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर तिलक नगर क्षेत्र में नशेड़ियों को बेचने के उद्देश्य से घूम रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने हिर्री माइंस, तिलक नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 34 ग्राम हेरोइन जब्त की गई।
👤 गिरफ्तार आरोपी

मोहित हिंदूजा (32 वर्ष), पिता टीकम दास, निवासी चकरभाठा वार्ड क्रमांक 07
करन दीप सिंह (29 वर्ष), पिता सुखविंदर सिंह, निवासी चकरभाठा वार्ड क्रमांक 12
आर. रजिंदर कुमार (35 वर्ष), पिता मुख्तियार लाल, निवासी ग्राम खेमकरण, जिला तरनतारन, पंजाब
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी करन दीप सिंह दूसरे राज्य से मादक पदार्थ लाकर मोहित हिंदूजा को उपलब्ध कराता था तथा अपने साथी आर. रजिंदर कुमार के साथ मिलकर तीनों आरोपी हेरोइन को ऊँचे दामों पर बेचते थे।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
🔷 लगातार कार्रवाई, नशे के नेटवर्क पर सख्ती
इसी क्रम में जिलेभर में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत बीते तीन दिनों में एनडीपीएस एक्ट के 07 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा 1300 नशीली टैबलेट, 400 एमएल एविल इंजेक्शन एवं 02 किलोग्राम गांजा जप्त किया गया है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर, निरंतर एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।