गुढ़ प्राचार्य और एपीसी निलंबित, डीईओ सहित अन्य जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई की तैयारी
रीवा जिले में स्कूलों में रंगाई-पुताई के नाम पर हुए कथित घोटाले में अब कार्रवाई शुरू हो गई है। कमिश्नर बीएस जामोद ने पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुढ़ के प्राचार्य डॉ. विनय कुमार मिश्रा और एपीसी (रमसा) सुधाकर तिवारी को निलंबित कर दिया है।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में रंगाई और पुताई का कार्य किए बिना ही ठेकेदार के खाते में लाखों रुपये का भुगतान कर दिया गया था। इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी है, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार विद्यालय प्रबंधन पर एक कथित ठेकेदार को मनमाने तरीके से भुगतान करने के साथ-साथ विद्यालय परिसर से पुरातात्विक महत्व के पत्थर और ढोका बेचने के भी आरोप लगे हैं। इस संबंध में विद्यालय के अभिलेखों में संबंधित राशि का कोई स्पष्ट लेखा-जोखा उपलब्ध नहीं पाया गया है।
प्रशासनिक स्तर पर इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच जारी है और जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।