अंबिकापुर। पिछले दो वर्षों से विभिन्न बाधाओं, उपचार संबंधी दबावों और प्रशासनिक चुनौतियों के बीच निरंतर सेवाएं दे रहे Lakshmi Narayan Hospital ने हालिया घटनाक्रम पर सार्वजनिक बयान जारी किया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि संस्थान ने हर परिस्थिति में मरीजों की सेवा को सर्वोपरि रखा है।
अस्पताल की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि जब किसी अस्पताल की ऑक्सीजन, बिजली, पानी और एम्बुलेंस जैसी मूलभूत सुविधाओं को बाधित करने का प्रयास किया जाता है, तो यह केवल एक संस्था का मुद्दा नहीं रह जाता, बल्कि सीधे तौर पर मरीजों के जीवन से जुड़ा प्रश्न बन जाता है।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि वह कानून का सम्मान करता है, पारदर्शिता में विश्वास रखता है और किसी भी प्रकार की जांच से नहीं डरता। हालांकि, अस्पताल ने यह अपील की है कि यदि किसी प्रकार की कार्रवाई आवश्यक हो तो वह विधिसम्मत और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत की जाए, न कि भीड़ या दबाव के माध्यम से।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी तभी बेहतर सेवा दे सकते हैं जब वे स्वयं को सुरक्षित महसूस करें। बयान में अंबिकापुर की जागरूक जनता, न्याय व्यवस्था और ईश्वर पर विश्वास जताते हुए कहा गया है कि संस्थान भविष्य में भी अपनी सेवाएं जारी रखेगा।