
बिलासपुर। शहर की सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी देखने को मिल रही है। मड़ाई लाइन से लेकर बूटाई लाइन तक कई गलियों में बिजली के खंभे और स्ट्रीट लाइट तक नहीं लगे हैं, जिसके कारण रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है और रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता हरिकिशन गंगवानी ने बताया कि इन गलियों में लंबे समय से बिजली के खंभे और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। शाम होते ही पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाई होती है और दुर्घटना तथा असामाजिक तत्वों का भय बना रहता है।
उन्होंने कहा कि खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को रात के समय आने-जाने में काफी परेशानी होती है।
हरिकिशन गंगवानी ने नगर निगम और संबंधित विभाग से मांग की है कि सिंधी कॉलोनी की मड़ाई लाइन से बूटाई लाइन तक जल्द से जल्द बिजली के खंभे लगाकर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।