बिलासपुर (छत्तीसगढ़) | नशा मुक्त अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर एक और बड़ी स्ट्राइक की है। थाना सरकंडा और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो पहचान बदलकर शहर के विभिन्न इलाकों में गांजे की तस्करी कर रही थीं।
प्रमुख कार्यवाही और बरामदगी

पुलिस को सूचना मिली थी कि पाटलीपुत्र नगर और राजकिशोर नगर क्षेत्र में दो महिलाएं सक्रिय रूप से गांजा बेच रही हैं। घेराबंदी कर की गई रेड में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में मशरूका बरामद किया
अवैध मादक पदार्थ: 06 किलोग्राम गांजा।
नगद राशि: ₹5,98,030/- (बिक्री से प्राप्त)।
वाहन: 01 कार और 02 स्कूटी (तस्करी में प्रयुक्त)।
अन्य सामान: 02 मोबाइल और 02 घड़ियाँ।
कुल जुमला कीमती: ₹15,78,030/-
पहचान बदलकर कर रही थीं तस्करी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी (30 वर्ष) और सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव (40 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दोनों सगी बहनें हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में अपने नाम बदलकर नशीले पदार्थों का व्यापार करती थीं। पूछताछ में आरोपी मानकी ने बताया कि तस्करी के लिए उपयोग की जा रही कार उसके परिचित की है, जबकि गांजा बिक्री से हुई कमाई से उन्होंने परिवहन के लिए नई स्कूटी खरीदी थी।

पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड
पकड़ी गई दोनों महिलाओं का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है; इनके विरुद्ध पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
वर्तमान में दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कठोर कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।
