नगर परिषद गुढ़ के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोहित शुक्ला ने बुधवार सुबह नगर क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था एवं अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों द्वारा कचरा बाहर फेंके जाने तथा विशेष रूप से कुछ होटल संचालकों द्वारा रात के समय सड़क पर गंदगी फैलाए जाने की शिकायतों की पुष्टि हुई।
निरीक्षण में नगर के अधिकांश हिस्सों में सड़क किनारे अतिक्रमण भी पाया गया। पूर्व में दी गई चेतावनी और सूचना के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं मिलने पर नगर परिषद ने सख्त रुख अपनाया है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि आज से चालानी कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी तथा सड़क पर किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर जुर्माना राशि तय की गई है और टीमों का गठन कर आदेश जारी किए गए हैं।
नगर परिषद द्वारा एक-दो दिन के भीतर पुनः निरीक्षण कर सख्ती से कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है, ताकि नगर में स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
