बिलासपुर।केन्द्रीय विद्यालय संगठन के अंतर्गत संचालित केन्द्रीय विद्यालय सीआरपीएफ बिलासपुर में आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप का समापन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन18 मई से 26 मई तक भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के निर्देशों के अनुपालन के क्रम में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय भाषाओं के प्रति रुचि, सम्मान एवं सांस्कृतिक समन्वय की भावना विकसित करना था।समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की भाषा विविधता हमारी सांस्कृतिक शक्ति है और विद्यार्थियों को विभिन्न भारतीय भाषाओं से परिचित कराना राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी, संस्कृत, ओड़िया एवं अन्य भारतीय भाषाओं से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। इनमें भाषा शिक्षण, कविता पाठ, लोकगीत, संवाद प्रस्तुति, कहानी वाचन, नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख रहे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और विभिन्न भाषाओं की विशेषताओं को समझा।समापन समारोह में प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम समन्वयक सुनील पाण्डेय ने बताया कि भारतीय भाषा समर कैंप का मुख्य उद्देश्य भारत की भाषायी विविधता में निहित मूलभूत एकता से प्रतिभागियों को परिचित कराना था। यह कैम्प अपने उद्देश्य की प्राप्ति में सफल रहा। इसमें सम्मिलित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन करते हुए आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
