बिलासपुर, 2 जून 2026/ जिला कार्यालय के मंथन सभा कक्ष में अपर कलेक्टर श्री एस.एस. दुबे के सेवानिवृत्ति अवसर पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। जिला प्रशासन की ओर से उनके लगभग 30 वर्षों के उत्कृष्ट, समर्पित एवं निष्पक्ष शासकीय सेवा काल को सम्मानपूर्वक याद किया गया।समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री दुबे के प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और सहज व्यक्तित्व को स्मरण करते हुए उन्हें भावपूर्ण विदाई दी।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने जिला प्रशासन की ओर से श्री दुबे को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घ जीवन की कामना की। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने कहा कि श्री दुबे ने अपने लंबे प्रशासनिक जीवन में विभिन्न जिलों एवं विभागों में महत्वपूर्ण दायित्वों का अत्यंत दक्षता, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन किया। उनका प्रशासनिक अनुभव, कार्य के प्रति समर्पण तथा सहकर्मियों के साथ आत्मीय व्यवहार सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि किसी भी अधिकारी की पहचान केवल उसके पद से नहीं बल्कि उसके कार्यों और व्यवहार से होती है। श्री दुबे ने अपने सेवा काल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और अपनी कार्यशैली से सभी का सम्मान अर्जित किया। एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने भी उनके साथ बिताए कार्यकाल की स्मृतियों को साझा करते हुए उनके सहयोगात्मक दृष्टिकोण और प्रशासनिक दक्षता की सराहना की।
श्री एस.एस. दुबे ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में भावुक होते हुए अपने तीन दशक के शासकीय जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा उनके लिए केवल नौकरी नहीं बल्कि जनसेवा का माध्यम रही। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि सेवा से सेवानिवृत्ति अवश्य हुई है, लेकिन समाज और लोगों से उनका जुड़ाव आगे भी बना रहेगा। समारोह में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री शिवकुमार बनर्जी सहित जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने श्री दुबे के उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें भावपूर्ण विदाई दी।
