मध्यप्रदेश :- रतलाम में पश्चिम रेलवे की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें इंदौर लोकसभा क्षेत्र के सांसद Shankar Lalwani ने भाग लिया। बैठक में सांसद ने इंदौर एवं आसपास के क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न रेलवे विकास कार्यों, लंबित परियोजनाओं तथा यात्री सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।
सांसद ने अधिकारियों से इंदौर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा जो कार्य विभिन्न कारणों से लंबित हैं, उन्हें शीघ्र गति देकर समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद ने विशेष रूप से मांडल्या रेलवे स्टेशन पर स्थित गुड्स डिपो का विषय उठाया। उन्होंने कहा कि स्टेशन शहर के मध्य स्थित होने के कारण मालवाहक वाहनों की आवाजाही से यातायात प्रभावित होता है तथा दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। अतः जनहित को ध्यान में रखते हुए गुड्स डिपो को किसी अन्य उपयुक्त रेलवे स्टेशन पर स्थानांतरित किए जाने पर विचार किया जाए।
इसके अतिरिक्त सांसद ने क्षेत्र के विभिन्न रेलवे ओवरब्रिज एवं अंडरब्रिज निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर कर कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय स्थापित कर लंबित समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में इंदौर से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण रेलवे विषयों पर भी चर्चा हुई। सांसद ने बताया कि इंदौर मध्यप्रदेश का एकमात्र प्रमुख शहर है, जहां से सात प्रमुख रेलवे ट्रैक/रेल मार्ग जुड़े हुए हैं। उन्होंने इन मार्गों के विकास, क्षमता विस्तार तथा यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने सांसद द्वारा उठाए गए विषयों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया तथा विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। इंदौर से सांसद प्रतिनिधि विशाल गिदवानी व रेलवे के सभी वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद थे। इंदौर सांसद ने इंदौर के लिए नई ट्रेनों की वह चल रही स्पेशल ट्रेनों को निरंतर चलाने की मांग भी की और राजेंद्र नगर में चल रही ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग इंदौर सांसद ने रखी।
— जारीकर्ता
सांसद कार्यालय, इंदौर लोकसभा क्षेत्र।
