
नवोदित लेखिका को दिया उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य का आशीर्वाद
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार, 17 जून की रात्रि मुख्यमंत्री निवास, रायपुर में बिलासपुर की वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता श्रीमती माही संतवानी द्वारा रचित प्रथम उपन्यास “सन्नाटे में तेरी आहट” का गरिमामय विमोचन किया।
यह उपन्यास तीन प्रमुख पात्रों “देव, सिया और डॉक्टर आरव” के इर्द-गिर्द बुना गया है, जिसमें रिश्तों की जटिलता, प्रेम की कोमलता और जुदाई की पीड़ा को अत्यंत संवेदनशीलता से उकेरा गया है।
कथानक में “रूम नंबर 7 से जुड़ी घटनाएं रोमांच और भावनात्मक गहराई का अनूठा संगम प्रस्तुत करती हैं, जो पाठकों को आरंभ से अंत तक बांधे रखने में सक्षम हैं।
पूर्व में शिक्षिका रहीं माही संतवानी वर्तमान में पत्रकारिता के साथ-साथ साहित्य सृजन के पथ पर अग्रसर हैं। अपनी प्रथम कृति में ही उन्होंने जीवन के विविध अनुभवों और मानवीय संवेदनाओं को शब्दों में पिरोकर लेखन जगत में एक सशक्त दस्तक दी है। दिल की आवाज को अभिव्यक्ति देने वाली यह पुस्तक उनके साहित्यिक सफर का स्वर्णिम शुभारंभ मानी जा रही है।
विमोचन के पश्चात मुख्यमंत्री साय ने लेखिका को हार्दिक बधाई देते हुए कहा, “साहित्य समाज का दर्पण होता है। ‘सन्नाटे में तेरी आहट’ जैसी रचनाएं सकारात्मक सोच, साहित्यिक चेतना को बढ़ावा देती हैं। माही की लेखनी निरंतर प्रखर हो और छत्तीसगढ़ का नाम देश के साहित्य पटल पर आलोकित करे।” उन्होंने लेखिका को निरंतर लेखन के लिए प्रेरित किया।
इस गरिमामयी अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह, रायपुर विधायक पुरंदर मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार अमित संतवानी, गोविंद शर्मा, राकेश परिहार, उत्पल सेन गुप्ता, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष इरशाद अली, भाजपा नेत्री नौरीन खान (राणा), सिंधी समाज के प्रमुख अमर बजाज, मनीष लाहोरानी, मुकेश मुलचंदानी, बिल्डर राजेंद्र सिंह राजपूत सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।
