
* बिलासपुर। जिला देशहा यादव समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह के संबंध में शनिवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में समाज के पदाधिकारियों ने आगामी शपथ ग्रहण समारोह की रूपरेखा, अतिथियों की उपस्थिति तथा समाज की भावी योजनाओं की जानकारी साझा की। समाज के संरक्षक विष्णु यादव ने बताया कि समाज की परंपरा के अनुसार प्रत्येक तीन वर्ष में चुनाव आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में 17 मई 2026 को हुए चुनाव में टीकाराम यादव अध्यक्ष, विजय यादव महासचिव एवं रामलाल यादव कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सिम्स ऑडिटोरियम में दोपहर 2 बजे से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहूजी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव जी करेंगे तथा विशिष्ट अतिथियों मे बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, विधायक द्वारिकाधीश यादव, विधायक देवेंद्र यादव, विधायक रामकुमार यादव, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव, महापौर पूजा विधानी, पूर्व महापौर रामशरण यादव सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।प्रेसवार्ता में संरक्षक विष्णु यादव ने कहा कि समाज का उद्देश्य यादव समाज को संगठित एवं मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि “यादव का अर्थ ही यादव है” और समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए संगठन लगातार कार्य करेगा।समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी रामचंद्र यादव ने कहा कि उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को समाज की ओर से निःशुल्क मार्गदर्शन एवं शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने और उनके बेहतर भविष्य के लिए विशेष योजनाएं बनाई जा रही हैं।नवनिर्वाचित अध्यक्ष टीकाराम यादव ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन को नई दिशा दी जाएगी। शिक्षा, सामाजिक सहयोग और प्रतिभाओं के सम्मान को प्राथमिकता देते हुए पूरे यादव समाज को एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा।वहीं शैलेंद्र यादव ने युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि समाज के युवा संगठन की ताकत हैं और उन्हें सामाजिक व शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष पहल की जाएगी। इस प्रेसवार्ता में संरक्षक मनीराम यादव, जसवंत यादव, अमित यादव, लालजी यादव सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। समाज के पदाधिकारियों ने सभी समाज बंधुओं, महिला विंग एवं युवा साथियों से अधिक से अधिक संख्या में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
