
बिलासपुर में ब्रह्माकुमारीज़ सिक्योरिटी सर्विसेज विंग का अभियान प्रारंभ
मंजू दीदी के मार्गदर्शन में सुरक्षा बलों के लिए आध्यात्मिक सशक्तिकरण अभियान का शुभारंभ
बिलासपुर। ब्रह्माकुमारीज़ शिव अनुराग भवन में आज बीके मंजू दीदी के मार्गदर्शन में संस्था के सुरक्षा सेवा प्रभाग* द्वारा बिलासपुर में विशेष आध्यात्मिक सशक्तिकरण अभियान का शुभारंभ हुआ। माउंट आबू से पधारे बीके शैलेंद्र भाई, मोटिवेशनल स्पीकर *बीके संजीव भाई तथा सिक्योरिटी सर्विसेज विंग के राष्ट्रीय समन्वयक *बीके दीपक भाई द्वारा विभिन्न सुरक्षा संस्थानों, रेलवे, पुलिस एवं शिक्षण संस्थानों में तनावमुक्त, नशामुक्त तथा मूल्यनिष्ठ जीवन पर प्रेरणादायी सत्रों को संबोधित किया जायेगा। इसमें बीके दत्ता, बीके हितेश व बीके कमल भी शामिल होंगे।
अपने उद्बोधन में शैलेंद्र भाई ने कहा कि जहाँ देश के सैनिक सीमाओं की रक्षा हथियारों से करते हैं, वहीं आध्यात्मिक सैनिक अपने शुभ संकल्पों और ‘सकाश’* के माध्यम से विश्व में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण निर्मित कर सकते हैं। उन्होंने सभी भाई-बहनों का आह्वान किया कि वे प्रतिदिन ब्रह्म मुहूर्त में सीमा पर तैनात सैनिकों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों के लिए शुभ संकल्पों की मदद भेजें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था में इन सेवाओं की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी, इसलिए आध्यात्मिक सहयोग भी उतना ही आवश्यक है।
दीपक भाई ने संकल्प शक्ति की महिमा बताते हुए कहा कि “आप केवल संकल्प का कदम उठाइए, मदद के हजार कदम बाबा(परमात्मा) के हैं।” उन्होंने बताया कि शुद्ध संकल्प कभी व्यर्थ नहीं जाता। सिक्योरिटी सर्विसेज विंग का लक्ष्य देश की सेना, वायु सेना एवं अन्य सुरक्षा संस्थानों तक राजयोग और आध्यात्मिक मूल्यों को पहुँचाना है। उन्होंने सभी से यह संकल्प करने का आग्रह किया कि देश के प्रत्येक सैनिक एवं सुरक्षा कर्मी ईश्वरीय ज्ञान और आध्यात्मिक शक्ति से जुड़ें। उन्होंने अपने सेवा अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब सेवा के पीछे निस्वार्थ भावना और दृढ़ संकल्प होता है, तब प्रकृति भी सहयोगी बन जाती है तथा असंभव प्रतीत होने वाले कार्य भी सहज सम्पन्न हो जाते हैं।
दिल्ली से पधारे संजीव भाई ने अपने जीवन परिवर्तन की प्रेरणादायी यात्रा साझा करते हुए बताया कि ईश्वरीय ज्ञान ने उनके क्रोधी स्वभाव को पूर्णतः बदल दिया। उन्होंने कहा कि यदि जीवन में परमात्मा का साथ न मिला होता तो उनका जीवन बिल्कुल अलग दिशा में जा सकता था। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने GIRL शब्द का आध्यात्मिक अर्थ बताते हुए कहा—“God Is Real Lover” अर्थात परमात्मा ही हमारा वास्तविक प्रेमी है। उन्होंने बताया कि सच्चा प्रेम परमात्मा से जुड़ने पर जीवन के सभी दुःख, तनाव और मानसिक पीड़ा समाप्त होने लगती है। उन्होंने सरलता, मधुरता और सकारात्मक सोच को जीवन की वास्तविक सुंदरता बताया।
कार्यक्रम के दौरान बीके मंजू दीदी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सुरक्षा सेवाओं में कार्यरत भाई-बहनों को केवल शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक शक्ति की भी आवश्यकता है। राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से सकारात्मक संकल्पों का सकाश देकर हम उन्हें आंतरिक शांति, आत्मबल और ईश्वरीय सुरक्षा का अनुभव करा सकते हैं।
उक्त सभी फैकल्टीज़ के साथ बिजली विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता भूषण लाल वर्मा जी व संदीप भाई ने बिलासपुर में अभियान का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारम्भ किया।
