
बिलासपुर। सिंधी कॉलोनी एवं भक्त कंवरराम नगर क्षेत्र में रविवार शाम लगभग 4 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली बंद होने से पेयजल संकट भी उत्पन्न हो गया, जिससे आक्रोशित नागरिकों ने नेहरू नगर स्थित बिजली कार्यालय के सामने चक्का जाम कर दिया।प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और नागरिकों से शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन समाप्त करने की अपील की। थाना प्रभारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया।बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त करते हुए चक्का जाम खत्म कर दिया और यातायात सामान्य हो गया।स्थानीय नागरिकों का कहना था कि लंबे समय तक बिजली बंद रहने से क्षेत्र में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी। उनका आरोप था कि बिजली विभाग की ओर से बिजली बंद होने का कारण और आपूर्ति बहाल होने का समय भी नहीं बताया जा रहा था, जिससे लोगों में नाराज़गी बढ़ गई।
