
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में ढाबा संचालक से चाकू की नोक पर मारपीट कर ₹4,500 की लूट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त चाकू और लाठी भी बरामद कर ली है।पुलिस के अनुसार थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 484/2026 के तहत धारा 309, 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास उर्फ विक्कू रावत (25 वर्ष), शनि उर्फ राजा कश्यप (22 वर्ष) तथा ब्यासनारायण पाटले उर्फ छोटू (27 वर्ष), सभी निवासी करैहापारा, रतनपुर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।प्रार्थी आशीष गहलोत (36 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वह नेशनल हाईवे स्थित नवापारा में गहलोत ढाबा संचालित करता है। 12 जुलाई 2026 की रात करीब 1 बजे तीनों आरोपी ढाबे पर पहुंचे और शराब की मांग करते हुए विवाद करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर धमकाया। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी विजेंद्र कमल के साथ भी आरोपियों ने हाथ-मुक्कों, स्टील पाइप और डंडे से मारपीट की। इसके बाद तीनों आरोपी चाकू दिखाकर ढाबे के गल्ले से ₹4,500 लूटकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कोटा नुपुर उपाध्याय के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ तत्काल कार्रवाई की। दबिश देकर तीनों आरोपियों को उनके घरों से हिरासत में लिया गया।पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूट की पूरी रकम ₹4,500, घटना में प्रयुक्त चाकू और लाठी बरामद कर जब्त कर ली। इसके बाद तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।रतनपुर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में लूट, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
