
। रीवा नगर निगम क्षेत्र की तीन उचित मूल्य दुकानों को गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है। संबंधित दुकानों के सेल्समैनों के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में एफआईआर दर्ज कराई गई है।जिला आपूर्ति अधिकारी कमलेश ताण्डेकर ने बताया कि कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर वार्ड क्रमांक 35, वार्ड क्रमांक 1 तथा वार्ड क्रमांक 19-बी की उचित मूल्य दुकानों की जांच कराई गई। जांच दल में नायब तहसीलदार हुजूर, सहायक आपूर्ति अधिकारी एवं सहकारिता निरीक्षक शामिल थे।जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित दुकानों के सेल्समैनों द्वारा कथित रूप से अपात्र व्यक्तियों के अंगूठे लगाकर फर्जी तरीके से राशन का वितरण किया गया। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए तीनों दुकानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।जिला आपूर्ति अधिकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 35 के सेल्समैन अजहर अहमद, वार्ड क्रमांक 1 के यूनिस खान तथा वार्ड क्रमांक 19-बी के विजय कुमार सोंधिया के विरुद्ध मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2015 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना सिविल लाइन में एफआईआर दर्ज कराई गई है।उपभोक्ताओं को राशन वितरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है। वार्ड क्रमांक 35 के उपभोक्ता महिला सहकारी उपभोक्ता भंडार, वार्ड क्रमांक 37 से, वार्ड क्रमांक 1 के उपभोक्ता सरस्वती महिला प्राथमिक उपभोक्ता भंडार, वार्ड क्रमांक 2-ए से तथा वार्ड क्रमांक 19-बी के उपभोक्ता प्रियदर्शिनी महिला सहकारी उपभोक्ता भंडार, वार्ड क्रमांक 19-ए से राशन प्राप्त कर सकेंगे।जिला आपूर्ति अधिकारी ने सभी संबंधित उपभोक्ताओं से 31 जुलाई तक निर्धारित वैकल्पिक दुकानों से अपना राशन प्राप्त करने की अपील की है।
