
विशेष संवाददाता: हरिकिशन गंगवानीबिलासपुर, 27 जुलाई। बिलासपुर प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह से मोबाइल झपटमारी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एसीसीयू एवं थाना तारबाहर की संयुक्त कार्रवाई में एक वयस्क आरोपी सहित दो विधि से संघर्षरत किशोरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया वनप्लस मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त सफेद एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है।पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 की रात लगभग 10:30 बजे किशोर कुमार सिंह जिला अस्पताल के सामने मोबाइल पर बात करते हुए पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान एक्टिवा सवार युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए। मामले की रिपोर्ट पर थाना तारबाहर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी अविनाश कामले उर्फ जादू (19 वर्ष) एवं दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र अनंत, एसीसीयू प्रभारी गोपाल सतपथी तथा उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि शहर में झपटमारी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
